Ludhiana में तेज रफ्तार स्कूल बस ने छठी की छात्रा को कुचला, CCTV में कैद हुआ खौफनाक मंजर
punjabkesari.in Wednesday, Oct 07, 2026 - 03:45 PM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर के थरीके इलाके में एक तेज रफ्तार स्कूली बस का रूह कंपा देने वाला कहर देखने को मिला है। बसंत सिटी स्थित प्राइवेट स्कूल की एक अनियंत्रित बस ने साइकिल से घर लौट रही छठी कक्षा की एक मासूम छात्रा को पीछे से जोरदार टक्कर मारते हुए बुरी तरह कुचल दिया। हादसा इतना भयानक था कि छात्रा साइकिल समेत सीधे बस के पहियों के नीचे आ गई।
सड़क हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी आया सामने
गंभीर और लहूलुहान हालत में बच्ची को तुरंत अगर नगर स्थित रघुनाथ अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है। दिल दहला देने वाले इस सड़क हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ गया है, जिसने बस चालक की जानलेवा लापरवाही की पोल खोल दी है। प्राप्त विवरण के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा 6 अक्टूबर की दोपहर को पेश आया। पीड़ित बच्ची गांव थरीके के सरकारी स्कूल में छठी कक्षा में पढ़ाई करती है। दोपहर के समय जब स्कूल की छुट्टी के बाद वह अपनी साइकिल पर सवार होकर घर लौट रही थी, तभी रास्ते में पीछे से बच्चों को लेकर आ रही बसंत सिटी स्थित एक स्कूल की बस के चालक ने वाहन को अत्यधिक तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए बच्ची की साइकिल को सीधी टक्कर मार दी। हादसे का जो सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, वह किसी के भी रोंगटे खड़े कर देने वाला है।
बच्ची के सिर, पेट और पैरों में गंभीर अंदरूनी व बाहरी चोटें
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बच्ची सड़क के बिल्कुल किनारे सुरक्षित ढंग से अपनी साइकिल चलाती हुई आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आई बीसीएम स्कूल की बस ने बिना हॉर्न दिए या गति धीमी किए बच्ची को सीधे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही साइकिल उछल गई और मासूम बच्ची सीधे बस के पहियों के नीचे आ गई। हादसे को देख आसपास मौजूद राहगीर और दुकानदार चीखते हुए तुरंत मौके की तरफ दौड़े। हादसे के बाद सड़क पर तड़प रही खून से लथपथ छात्रा को स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों ने आनन-फानन में उठाकर अगर नगर स्थित रघुनाथ अस्पताल पहुंचाया। दुर्भाग्य और विडंबना यह है कि पीड़ित मासूम की मां भी अपनी आजीविका चलाने के लिए इसी रघुनाथ अस्पताल में सफाई कर्मचारी के रूप में काम करती है। जब मां ने अपनी ही लाडली को गंभीर रूप से घायल अवस्था में स्ट्रेचर पर खून से लथपथ देखा, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई और वह बेसुध होकर गिर पड़ी। डॉक्टरों के अनुसार, बच्ची के सिर, पेट और पैरों में गंभीर अंदरूनी व बाहरी चोटें आई हैं। उसकी हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है और उसे इंटेंसिव केयर यूनिट (ICU) में डॉक्टरों की विशेष निगरानी में रखा गया है।

