Ludhiana में Police का ‘ऑपरेशन कॉसो’, घरों-होटलों से लेकर संदिग्ध ठिकानों तक ताबड़तोड़ तलाशी
punjabkesari.in Monday, Oct 05, 2026 - 09:03 AM (IST)
लुधियाना, (राज): महानगर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के मद्देनजर लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस ने शहर भर में बड़े स्तर पर कॉसो (कॉरडन एंड सर्च ऑपरेशन) चलाया। पुलिस कमिश्नर के दिशा-निर्देशों पर डीसीपी (सिटी) की सीधी निगरानी में पुलिस टीमों ने मुख्य बस स्टैंड और उसके आसपास के तमाम संवेदनशील इलाकों को चारों तरफ से घेरकर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर संदिग्ध लोगों को राउंडअप कर पूछताछ की गई और वाहनों की बारीकी से पड़ताल की गई।
रविवार को डीसीपी (सिटी) आलम विजय सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने लुधियाना बस स्टैंड, उसके प्रवेश व निकास द्वारों, ऑटो स्टैंड और आसपास के पार्किंग एरिया की घेराबंदी की। ऑपरेशन का मुख्य उद्देश्य शहर में किसी भी प्रकार की असामाजिक या आपराधिक गतिविधि को समय रहते विफल करना और जनता में सुरक्षा का विश्वास कायम करना था। पुलिस टीमों ने लंबी दूरी की बसों, यात्रियों के संदिग्ध सामान और आसपास लावारिस खड़े दोपहिया व चौपहिया वाहनों की गहन तलाशी ली। अभियान के दौरान बस स्टैंड और नजदीकी बाजारों में बिना वजह मंडरा रहे या संदिग्ध आचरण वाले व्यक्तियों को पुलिस ने राउंडअप किया। मौके पर ही उनके पहचान पत्रों और यात्रा विवरण की जांच की गई तथा संदिग्धों का पिछला आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने के लिए संबंधित थानों से संपर्क साधा गया। पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों के दस्तावेजों की जांच करने के साथ-साथ नंबर प्लेटों की भी पड़ताल की। बस स्टैंड के अलावा, कमिश्नरेट पुलिस की अलग-अलग विंगों ने महानगर के चिन्हित संवेदनशील व आपराधिक दृष्टि से हॉटस्पॉट माने जाने वाले विभिन्न इलाकों में टारगेटेड कॉसो चलाया। इन चिन्हित क्षेत्रों में पुलिस बल ने संदिग्ध घरों, किराए के मकानों और सुनसान ठिकानों की व्यापक तलाशी ली। बाहर से आकर रह रहे किरायेदारों के वेरिफिकेशन का रिकॉर्ड भी चेक किया गया।
अमन-शांति बनाए रखने के लिए जारी रहेगा अभियान : डी.सी.पी.
डीसीपी (सिटी) आलम विजय सिंह का कहना है कि असामाजिक तत्वों, नशा तस्करों और अवैध असलहा रखने वालों पर नकेल कसने के लिए यह सुनियोजित कार्रवाई की गई है। शहर में कानून-व्यवस्था की स्थिति को हर हाल में चाक-चौबंद रखा जाएगा। आम जनता की सुरक्षा और शांति सुनिश्चित करने के लिए शहर के रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में इसी तरह औचक और लक्षित सर्च ऑपरेशन आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

