Ludhiana में युवक का अपहरण, फिर तालिबानी बर्बरता; चप्पलों से पीटने का Video Viral
punjabkesari.in Monday, Oct 05, 2026 - 08:17 AM (IST)
लुधियाना(राज): महानगर के थाना डिवीजन नंबर-3 के अधिकार क्षेत्र में पैसों के लेन-देन के विवाद को लेकर एक युवक का अपहरण कर उसके साथ तालिबानी बर्बरता करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने पीड़ित को राजीनामे व बातचीत के बहाने बुलाकर जबरन गाड़ी में अगवा कर लिया और फिर एक सुनसान खाली प्लॉट में ले जाकर उसके सिर पर चप्पलों से ताबड़तोड़ वार करते हुए बेरहमी से पीटा।
बेखौफ बदमाशों ने इस अमानवीय कृत्य का खुद वीडियो बनाया और दहशत फैलाने के इरादे से उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पीड़ित की शिकायत और वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस को दी गई आधिकारिक शिकायत में पीड़ित राहुल पाहवा ने बताया कि उसका दूसरे पक्ष के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर कुछ समय से विवाद चल रहा था। इसी मामले को सुलझाने और आमने-सामने बैठकर बातचीत करने का झांसा देकर आरोपियों ने उसे कश्मीर नगर इलाके में बुलाया। राहुल के अनुसार, वह मसला हल करने की नीयत से वहां पहुंचा था, लेकिन जैसे ही वह बताए गए पते पर पहुंचा, वहां पहले से घात लगाकर खड़े युवकों ने उस पर अचानक हमला बोल दिया और उसे जबरन खींचकर अपनी गाड़ी में डाल लिया।
आरोपी चलती गाड़ी में भी उसके साथ लगातार मारपीट करते रहे। गाड़ी में अगवा करने के बाद आरोपी उसे शहर के एक अज्ञात और सुनसान खाली प्लॉट में ले गए। वहां आरोपियों ने राहुल को चारों तरफ से घेर लिया और उसके साथ गाली-गलौज करते हुए जमकर मारपीट की। आरोपी युवकों ने मारपीट की मोबाइल पर वीडियो बना ली और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक आरोपी पीड़ित के सिर पर बार-बार चप्पलों से ताबड़तोड़ प्रहार कर रहा है, जबकि बाकी साथी उसे बंधक बनाकर खड़े हैं और तमाशा देख रहे हैं। हद तो तब हो गई जब आरोपियों ने कानून का कोई खौफ न दिखाते हुए इस पूरी बर्बरता की मोबाइल से वीडियो रिकॉर्डिंग की और पीड़ित को जलील करने व खौफ पैदा करने के लिए इसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना डिवीजन नंबर-3 की पुलिस ने वायरल वीडियो को कब्जे में ले लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।

