Ludhiana में आधी रात गोलियों से दहला ड्रीम सिटी, मिलने से इनकार पर घर के बाहर फायरिंग

punjabkesari.in Friday, Sep 25, 2026 - 10:52 AM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर के ड्रीम सिटी भट्ठियां इलाके में आधी रात को सरेराह गोलियां चलाकर दहशत फैलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मिलने के बहाने बुलाने में नाकाम रहने पर तैश में आए एक युवक ने अपने 3 अन्य साथियों के साथ मिलकर घर के बाहर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि पीड़ित युवक बालकनी में ही मौजूद था और नीचे नहीं उतरा, जिससे उसकी जान बाल-बाल बच गई। वारदात को अंजाम देकर हमलावर जान से मारने की धमकियां देते हुए मोटरसाइकिलों पर फरार हो गए। पीड़ित सागर के बयानों के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी रॉबिन समेत 4 युवकों के खिलाफ संगीन धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस को दिए आधिकारिक बयानों में सागर ने बताया कि 23 सितंबर को आरोपी रॉबिन ने उसे कई बार कॉल की। रॉबिन उस पर ड्रीम सिटी, भट्ठियां में मिलने आने का लगातार दबाव बना रहा था। बार-बार आ रहे फोन से परेशान होकर पीड़ित ने यह बात अपने चाचा नितिन चंद्र बोस को बताई। चाचा ने भांप लिया कि माहौल ठीक नहीं है, इसलिए उन्होंने सलाह दी कि वह अपना मोबाइल फोन बंद कर दे और चुपचाप घर पर ही रहे। चाचा की हिदायत पर पीड़ित ने अपना फोन स्विच ऑफ कर दिया और अपने परिवार सहित घर के अंदर सोने चला गया। आधी रात को आरोपी रॉबिन अपने तीन अन्य साथियों के साथ 2 मोटरसाइकिलों पर सवार होकर उसके घर के बाहर पहुंच गया। आरोपियों ने जानबूझकर गली के उस कोने को चुना जहां न तो कोई स्ट्रीट लाइट जल रही थी और न ही कोई सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ था। वहां खड़े होकर रॉबिन ऊंची-ऊंची आवाजें लगाकर पीड़ित का नाम पुकारने लगा और उसे बाहर बुलाने के लिए ललकारने लगा।

शोर-शराबा सुनकर पीड़ित तुरंत अपने घर की पहली मंजिल की बालकनी में आया। बालकनी से जब उसने देखा कि नीचे रॉबिन अपने साथियों संग खड़ा है, तो रॉबिन ने उसे तुरंत नीचे गली में आकर बात करने को कहा। मुद्दई ने खतरे को भांपते हुए नीचे आने से साफ मना कर दिया। यह सुनते ही रॉबिन और उसके साथी बुरी तरह बौखला गए। उन्होंने तुरंत हथियार निकालकर बालकनी में खड़े पीड़ित पर सीधे फायर झोंक दिए। गोलियों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। पीड़ित ने झुककर अपनी जान बचाई। इसके बाद आरोपी हवा में हथियार लहराते हुए और जान से मारने की धमकियां देते हुए बाइकों पर सवार होकर फरार हो गए। 

फायरिंग की सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। मुद्दई के बयानों के आधार पर पुलिस ने 4 आरोपियों रॉबिन, यशु , एस्कोबार आर एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है और उन्हें जल्द ही हथियारों सहित गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News