Ludhiana में बहन के ससुराल पहुंचे भाई-माता-पिता पर हमला, सड़क पर गिराकर पीटा; Video Viral

punjabkesari.in Monday, Oct 05, 2026 - 08:18 AM (IST)

लुधियाना, (राज): थाना टिब्बा क्षेत्र अंतर्गत आती राजू कॉलोनी में घरेलू कलह के चलते दो पक्षों के बीच हुई हिंसक मारपीट का मामला सामने आया है। ससुराल में प्रताडि़त हो रही बहन का बीच-बचाव करने पहुंचे युवक और उसके बुजुर्ग माता-पिता पर ससुराल पक्ष के लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया।

इस वारदात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें हमलावर युवक और उसके माता-पिता को सड़क पर पटककर लात-घूंसों से बेरहमी से पीटते साफ दिखाई दे रहे हैं। वारदात के 7 दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस द्वारा कोई ठोस कानूनी कार्रवाई न करने और उल्टे समझौते का दबाव बनाने के आरोपों से पीडि़त परिवार में भारी रोष है। सिविल लाइन निवासी पीडि़त मनीष ने पुलिस व मीडिया को बताया कि उसकी बहन पूजा की शादी करीब 12 वर्ष पूर्व राजू कॉलोनी निवासी संजीव के साथ हुई थी। उनकी दो बेटियां हैं। मनीष का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष उसकी बहन को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताडि़त करता आ रहा था। अक्सर उसके साथ मारपीट की जाती थी। हालांकि परिवार टूटने से बचाने के लिए कई बार दोनों पक्षों के बीच रिश्तेदारों ने बैठकर सुलह करवा दी थी, लेकिन संजीव की आदतों में कोई सुधार नहीं आया। 27 सितंबर की देर रात करीब 12 बजे संजीव शराब के नशे में घर पहुंचा और बिना किसी बात के अपनी पत्नी पूजा और सास प्रवीन के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथापाई करने लगा।

शोर सुनकर जब मनीष और उसके बुजुर्ग पिता बीच-बचाव करने पहुंचे और संजीव को समझाने की कोशिश की, तो संजीव ने अपने कुछ रिश्तेदारों व दोस्तों को बुला लिया। इसके बाद आरोपियों ने एकजुट होकर मनीष, उसके पिता और महिलाओं पर धावा बोल दिया। हमलावरों ने मनीष और उसके बुजुर्ग पिता को जमीन पर गिरा दिया और बेरहमी से लात-घूंसों व डंडों से प्रहार किए। इस खूनी झड़प में मनीष और उसके पिता बुरी तरह लहूलुहान होकर घायल हो गए। पीडि़त परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए कहा कि घटना घटे एक सप्ताह का समय बीत चुका है। उनके पास स्पष्ट वीडियो फुटेज और मेडिकल साक्ष्य मौजूद हैं, इसके बावजूद थाना टिब्बा पुलिस आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करने में टालमटोल कर रही है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस उल्टे उन पर केस रफा-दफा करने और राजीनामा करने का मानसिक दबाव बना रही है। उधर पुलिस का कहना है कि मामले की जांच चल रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News