Ludhiana में दिनदहाड़े लूट, युवक की गर्दन पर चाकू रख दिया वारदात को अंजाम
punjabkesari.in Thursday, Sep 24, 2026 - 12:33 PM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर में सुबह-सवेरे ड्यूटी पर निकलने वाले कामगारों और कर्मचारियों को निशाना बनाने वाले बेखौफ लुटेरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला चंडीगढ़ रोड स्थित वीर पैलेस के निकट का है, जहां तड़के कंपनी बस पकड़ने जा रहे एक युवक को 2 अज्ञात बाइक सवार लुटेरों ने रास्ते में घेर लिया।
बदमाशों ने युवक की गर्दन पर चाकू जैसा तेजधार हथियार रख दिया और जान से मारने की धमकी देकर उसका महंगा स्मार्टफोन लूट लिया। वारदात के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए चंडीगढ़ रोड की तरफ फरार हो गए। पीड़ित के बयानों पर संबंधित थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दिए आधिकारिक बयानों में पुरण गोरी बताया कि 23 सितंबर को सुबह करीब 5 बजे वह अपनी ड्यूटी पर जाने के लिए कमरे से निकला था। उसे वीर पैलेस के पास अपनी कंपनी की बस में सवार होना था। जब वह पैदल चलते हुए वीर पैलेस के साथ वाली गली में पहुंचा, तभी सामने से एक काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार होकर 2 अज्ञात युवक तेजी से आए और उसकी बाइक के आगे अपनी मोटरसाइकिल अड़ाकर रास्ता रोक लिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता या शोर मचाने की कोशिश करता, बाइक से उतरे युवकों ने उस पर झपट्टा मारा।
एक आरोपी ने उसके गले पर चाकू जैसा तेजधार हथियार सटा दिया और धमकी दी कि अगर जरा सी भी आवाज निकाली तो जान से मार देंगे। डर और दहशत के माहौल में बदमाशों ने मुद्दई की जेब से उसका हरे रंग का स्मार्टफोन (मार्का: Moto G-96) जबरन छीन लिया। मोबाइल छीनने के तुरंत बाद दोनों आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर वीर पैलेस होते हुए चंडीगढ़ रोड की तरफ तेजी से भाग निकले। वारदात के बाद पीड़ित ने तुरंत शोर मचाया, लेकिन सुबह का समय और सुनसान होने के कारण लुटेरे तेजी से मुख्य सड़क पर ओझल हो गए। पीड़ित ने स्थानीय पुलिस थाने में पहुंचकर अपनी आपबीती दर्ज करवाई।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

