Ludhiana में सरेआम गुंडागर्दी, हमलावरों ने घर में घुसकर युवक पर चाकुओं से किए कई वार, सहमे लोग
punjabkesari.in Tuesday, Sep 15, 2026 - 09:39 AM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर के ताजगंज इलाके में लेन-देन के विवाद को लेकर खुद को बड़ा गैंगस्टर बताने वाले एक आपराधिक तत्व ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक व्यक्ति के घर पर खूनी तांडव मचा दिया। हमलावरों ने घर में घुसकर पीड़ित पर चाकुओं से अंधाधुंध वार किए और उसके बाद पिस्तौल के बट से सिर पर ताबड़तोड़ प्रहार कर उसे लहूलुहान कर दिया। वारदात के बाद गंभीर रूप से घायल पीड़ित का दर्द बयां करता वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। परिजनों की सूचना पर थाना डिवीजन नंबर-3 की पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावरों की धरपकड़ शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार यह पूरा विवाद करीब 40 रसे 50 लाख रुपये के लेन-देन से जुड़ा बताया जा रहा है।
फोन पर मिल रही थीं धमकियां, रविवार रात घर में घुसकर किया हमला
पुलिस को दिए बयानों में घायल रिंकू ने बताया कि उसका इलाके के ही एक रसूखदार व्यक्ति के साथ करीब 40 से 50 लाख रुपये का लेन-देन चल रहा था। आरोप है कि खुद को इलाके का गैंगस्टर बताने वाला उक्त व्यक्ति काफी समय से उसे फोन पर जान से मारने की धमकियां दे रहा था और लगातार दबाव बना रहा था। रविवार रात आरोपी अपने कई हथियारबंद साथियों के साथ अचानक रिंकू के घर आ धमका। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, हमलावरों ने रिंकू को घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए उस पर तेजधार चाकुओं से हमला बोल दिया।
टांगों पर चाकुओं से वार, पिस्तौल के बट से तोड़ा सिर
हमलावरों ने रिंकू की टांगों और शरीर के कई हिस्सों पर चाकुओं से गहरे घाव कर दिए। इसके बाद मुख्य आरोपी ने अपनी कमर से पिस्तौल निकाली और जान से मारने की नीयत से पिस्तौल के भारी बट से रिंकू के सिर पर कई वार किए। लगातार वार होने से रिंकू का सिर फट गया और वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। घर के भीतर मची चीख-पुकार सुनकर जब आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे, तो हमलावर हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। परिजनों ने तुरंत खून से लथपथ रिंकू को सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
जुए की रकम और ब्याज माफिया से जुड़े तार
चर्चा है कि जिस 40-50 लाख रुपये को लेकर यह खूनी टकराव हुआ, वह रकम सट्टे और जुए के बड़े खेल से जुड़ी हुई है। आरोपी शहर में जुए का एक बहुत बड़ा अवैध नेटवर्क संचालित करता है और लोगों को भारी ब्याज पर मोटी रकम बांटता है। आरोप है कि ब्याज और सट्टे के इसी अवैध कारोबार के चलते पीड़ित को निशाना बनाया गया। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह आधिकारिक जांच का विषय है कि पैसे किस परिस्थिति और किस मकसद से दिए गए थे।
केस दर्ज, आरोपियों की तलाश में छापेमारी: ADCP
मामले की पुष्टि करते हुए एडीसीपी समीर वर्मा ने बताया कि थाना डिवीजन नंबर-3 में पीड़ित के बयानों के आधार पर आरोपियों संदीप, नीरज, बल्ली, रवि मान सहित उनके 6-7 अज्ञात साथियों के खिलाफ जानलेवा हमला करने, मारपीट और अवैध असलहा तानने व इस्तेमाल करने के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एडीसीपी ने स्पष्ट किया कि प्रथम दृष्टया यह मामला रुपयों के भारी लेन-देन के विवाद का नजर आ रहा है। पुलिस वायरल वीडियो और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की पड़ताल कर रही है। आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और कानून हाथ में लेकर जानलेवा हमला करने वाले सभी आरोपियों को जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

