Ludhiana में हथियारबंद बदमाशों का तांडव, सब्जी विक्रेताओं पर हमला, लोगों ने लगाया जाम

punjabkesari.in Monday, Sep 14, 2026 - 04:55 PM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर में बेखौफ घूम रहे हथियारबंद लुटेरों ने सोमवार तड़के सब्जी मंडी जा रहे निहत्थे सब्जी विक्रेताओं पर खूनी हमला बोल दिया। दो मोटरसाइकिलों और एक एक्टिवा पर सवार होकर आए 6 नकाबपोश बदमाशों ने सब्जी विक्रेताओं की पिकअप गाड़ी को बीच सड़क पर घेर लिया। लुटेरों ने ड्राइवर के मुंह पर बंदूक के बट से जानलेवा वार कर गाड़ी की चाबी छीन ली और गाड़ी के पीछे बैठे सब्जी विक्रेताओं पर तेजधार दातर से ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस हमले में एक विक्रेता का अंगूठा कट गया, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर लोगों के जुटने पर बदमाश अपनी एक्टिवा मौके पर ही छोड़कर भाग निकले। घटना के बाद पुलिस के देरी से पहुंचने पर भड़के स्थानीय लोगों व रेहड़ी-पटरी वालों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मेन रोड पर जाम लगा दिया।

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 8 सब्जी विक्रेता रोजाना की तरह सामान खरीदने के लिए एक पिकअप वाहन में सवार होकर सब्जी मंडी के लिए निकले थे। जैसे ही उनकी गाड़ी गायनचंद नगर से निकलकर बापू मार्केट/मेन रोड की तरफ पहुंची, तभी घात लगाकर बैठे 6 बदमाशों ने 2 मोटरसाइकिलों और 1 एक्टिवा को पिकअप के आगे अड़ाकर रास्ता रोक दिया। इससे पहले कि सवारियां कुछ समझ पातीं, बदमाशों ने हथियार लहराते हुए गाड़ी को चारों तरफ से घेर लिया।
घायल ड्राइवर हनुमान यादव ने खौफनाक मंजर बयां करते हुए बताया कि हमलावरों के पास बंदूकें और तेजधार दातर थे।बदमाशों ने आते ही सबसे पहले ड्राइवर साइड की खिड़की पर आकर हनुमान यादव के मुंह पर बंदूक का बट दे मारा, जिससे वह लहूलुहान हो गया। इसके बाद बदमाशों ने गाड़ी की चाबी निकाल ली ताकि कोई भाग न सके। उसी दौरान अन्य बदमाश गाड़ी की पिछली खुली बॉडी की तरफ लपके और वहां बैठे सब्जी विक्रेताओं पर दातर से अंधाधुंध वार करने लगे। हमले में एक सब्जी विक्रेता के हाथ का अंगूठा बुरी तरह कट गया और कई अन्य लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। अचानक हुए जानलेवा हमले से घबराए सब्जी विक्रेताओं ने जब मदद के लिए जोर-जोर से शोर मचाना शुरू किया, तो आसपास के घरों और दुकानों से भारी संख्या में लोग बाहर निकल आए।भीड़ को अपनी तरफ इकट्ठा होता देख लुटेरों के हौसले पस्त हो गए और वे मौके से भागने लगे। हड़बड़ाहट में लुटेरे अपनी एक एक्टिवा मौके पर ही छोड़ गए, जिसे स्थानीय लोगों ने तुरंत अपने कब्जे में ले लिया।

पुलिस की देरी से भड़का गुस्सा, सड़क पर लगाया जाम
वारदात के तुरंत बाद पीड़ितों ने पुलिस कंट्रोल रूम और थाना डाबा को सूचना दी, लेकिन आरोप है कि गंभीर खूनी वारदात के बावजूद स्थानीय पुलिस काफी देर तक मौके पर नहीं पहुंची।पुलिस की इस कथित लापरवाही और सुस्ती से गुस्साए सब्जी विक्रेताओं और स्थानीय नागरिकों का सब्र टूट गया। आक्रोशित लोगों ने बापू मार्केट मेन रोड पर उतरकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और सड़क पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि गरीब रेहड़ी-फड़ी वाले रोजाना तड़के इसी रास्ते से मंडी जाते हैं, लेकिन पुलिस की पेट्रोलिंग नदारद होने के कारण अपराधी बेखौफ होकर खुलेआम खून बहा रहे हैं।

स्कूटी से ट्रेस हो रहे आरोपी, जल्द सलाखों के पीछे होंगे: SHO
हंगामे की सूचना पाकर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थाना डाबा के एसएचओ जतिंदर कुमार ने लोगों को शांत करवाया और जाम खुलवाया। एसएचओ जतिंदर कुमार ने बताया कि बापू मार्केट के निकट सब्जी विक्रेताओं के साथ लूटपाट व हमले की सूचना मिली है। पुलिस ने घटनास्थल पर छूटी आरोपियों की संदिग्ध एक्टिवा को जब्त कर लिया है। वाहन के चेसिस व रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की जा रही है और पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं; सभी हमलावरों को बहुत जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News