Raid करने गई Ludhiana पुलिस पर हमला! वांछित आरोपी को गाड़ी से खींचकर छुड़ाया
punjabkesari.in Thursday, Sep 10, 2026 - 09:34 AM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर के गुरनाम नगर इलाके में वांछित आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर परिजनों और स्थानीय लोगों द्वारा हमला कर आरोपी को पुलिस हिरासत से जबरन छुड़ाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। भीड़ ने पुलिस की सरकारी गाड़ी के आगे स्कूटर अड़ाकर रास्ता रोक दिया और पुलिसकर्मियों के साथ तीखी हाथापाई की। इसी अफरा-तफरी के बीच पुलिस वाहन की पिछली खिड़की खोलकर पकड़े गए मुख्य आरोपी शुभम उर्फ गोरू को जबरन बाहर खींचकर भगा दिया गया। थाना सलेम टाबरी पुलिस ने थाना डिवीजन नंबर 4 में तैनात एएसआई अमरीक सिंह की शिकायत पर विक्की हथौड़ी, उसकी दो बेटियों (जिसमें आरोपी की पत्नी भी शामिल है) और अन्य अज्ञात हमलावरों के खिलाफ संगीन धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।
थाना डिवीजन नंबर 4 में तैनात एएसआई अमरीक सिंह ने दर्ज करवाई शिकायत में बताया कि 6 सितंबर को वह सब-इंस्पेक्टर (SI) जीवन सिंह और तीन सीनियर कांस्टेबलों के साथ थाने में दर्ज एक पुराने मारपीट के मामले की तफ्तीश के सिलसिले में गुरनाम नगर स्थित विक्की हथौड़ी के घर पहुंचे थे। पुलिस को पुख्ता सूचना थी कि मामले में नामजद वांछित आरोपी शुभम उर्फ गोरू अपने साथियों सहित वहां छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने घर को घेरकर जब मुख्य गेट खटखटाया, तो अंदर मौजूद महिलाओं ने घर में किसी भी पुरुष के होने से साफ इनकार कर दिया। इसी बीच विक्की हथौड़ी भी बाहर से पहुंचा और दावा करने लगा कि उसका दामाद शुभम घर पर नहीं है। अभी बातचीत चल ही रही थी कि पुलिस की मौजूदगी भांपकर तीन युवक छत के रास्ते पड़ोसी मकान पर कूदे और पीछे वाली गली की तरफ भागने लगे। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए पीछा किया और तीनों को धर दबोचा। पकड़े गए युवकों की पहचान शुभम उर्फ गोरू, गौतम और मानव के रूप में हुई। पुलिस ने तीनों को काबू कर अपनी सरकारी गाड़ी में बैठा लिया। जैसे ही पुलिस टीम आरोपियों को लेकर रवाना होने लगी, विक्की हथौड़ी, उसकी दो बेटियां (जिनमें से एक शुभम की पत्नी है) और अन्य लोगों की भीड़ ने सरकारी वाहन को चारों तरफ से घेर लिया।उपद्रवियों ने पुलिस की गाड़ी के बिल्कुल आगे एक स्कूटर खड़ा कर दिया ताकि गाड़ी आगे न बढ़ सके। सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 4 के एसएचओ भी अतिरिक्त बल के साथ मौके पर पहुंचे और भीड़ को समझा-बुझाकर रास्ता खाली कराने का प्रयास किया, लेकिन लोग उग्र हो गए।
शिकायत के मुताबिक, माहौल को और भड़काने के लिए शुभम की पत्नी ने जानबूझकर किसी तेजधार वस्तु से अपने हाथ पर वार कर लिया। हाथ से खून बहता देख उसने पुलिसकर्मियों पर आरोप मढ़ते हुए उन्हें झूठे केस में फंसाने और सरेआम धमकी देनी शुरू कर दी। हंगामे और धक्का-मुक्की के दौरान भीड़ में शामिल कुछ युवकों ने मौका पाकर पुलिस वाहन की पिछली खिड़की को जबरन खोल दिया। इसके बाद उन्होंने अंदर बैठे शुभम उर्फ गोरू को खींचकर बाहर निकाल लिया। भीड़ के दबाव और हाथापाई का फायदा उठाते हुए शुभम मौके से गलियों के रास्ते फरार हो गया। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने पूरे घटनाक्रम और सरकारी कार्य में डाली गई बाधा की वीडियो अपने मोबाइल कैमरों में रिकॉर्ड कर ली।
सरकारी ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी, मारपीट करने और एक वांछित अपराधी को पुलिस कस्टडी से छुड़ाने के आरोप में थाना सलेम टाबरी की पुलिस ने विक्की हथौड़ी, उसकी दोनों बेटियों और उनके अन्य साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पुलिस के पास घटना की पूरी वीडियो रिकॉर्डिंग बतौर साक्ष्य मौजूद है। फरार आरोपी शुभम उर्फ गोरू और पुलिस पर हमला कर उसे भगाने वाले नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें बनाकर अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

