पता पूछने का बहाना… फिर बालियों पर झपटा बदमाश, लोगों ने कर दी धुनाई

punjabkesari.in Tuesday, Sep 08, 2026 - 09:00 AM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर में बेखौफ घूम रहे झपटमारों के हौसले पस्त करने के लिए अब आम जनता खुद मैदान में उतरने लगी है। शिमलापुरी इलाके में दिनदहाड़े एक बुजुर्ग महिला के कानों से सोने की बालियां झपटने का प्रयास कर रहे एक शातिर बाइक सवार बदमाश को स्थानीय लोगों ने मौके पर ही दबोच लिया। भागने की कोशिश में बाइक असंतुलित होकर गिर पड़ी, जिसके बाद आक्रोशित भीड़ ने आरोपी की जमकर छिलाई की और बाद में मौके पर पहुंची पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं दूसरी ओर, हजूरी बाग कॉलोनी में एक अन्य बाइक सवार बदमाश महिला से पर्स छीनकर भागने में कामयाब रहा। दोनों घटनाएं पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई हैं।

शिमलापुरी की मंडी वाली गली में 'मेड़ की चक्की' के पास हुई पहली घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। फुटेज के अनुसार, 6 सितंबर को काले रंग की शर्ट पहने एक युवक मोटरसाइकिल पर गली में दाखिल हुआ। उसने गली से पैदल गुजर रही एक बुजुर्ग महिला को रोका और किसी का पता पूछने का बहाना करने लगा। जैसे ही बुजुर्ग महिला रुककर उसे रास्ता बताने लगी, शातिर युवक ने अचानक झपट्टा मारकर उसके दोनों कानों की बालियां नोचने का प्रयास किया। अचानक हुए हमले से घबराने के बजाय बुजुर्ग महिला ने हिम्मत दिखाई और जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर तुरंत मौके की ओर दौड़े। खुद को घिरता देख आरोपी ने बाइक दौड़ाकर भागने की कोशिश की, लेकिन हड़बड़ाहट में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे चारों तरफ से घेरकर काबू कर लिया। गुस्साई भीड़ ने मौके पर ही उसकी जमकर धुनाई कर दी और सूचना देकर मौके पर पहुंची पुलिस टीम को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी की बाइक भी जब्त कर ली है।

हजूरी बाग कॉलोनी में महिला से पर्स झपटकर भागा बदमाश
वहीं, स्नैचिंग की दूसरी वारदात हजूरी बाग कॉलोनी में सामने आई। यहां सड़क से गुजर रही एक महिला को निशाना बनाते हुए तेज रफ्तार बाइक सवार बदमाश ने उसके हाथ से पर्स झपट लिया। महिला जब तक संभल पाती और मदद की गुहार लगाती, तब तक आरोपी गलियों से होते हुए तेजी से फरार हो गया। पर्स में नकदी और जरूरी दस्तावेज बताए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिमलापुरी में पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसका पिछला आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। वहीं हजूरी बाग कॉलोनी में पर्स स्नैचिंग की घटना को लेकर आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांची जा रही है ताकि दूसरे आरोपी की पहचान कर उसे भी जल्द गिरफ्तार किया जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News