राहगीर की जान बचाना पड़ा मैनेजर को पड़ा भारी, बेखौफ बदमाशों ने घर में घुस...
punjabkesari.in Tuesday, Oct 27, 2026 - 01:59 PM (IST)
लुधियाना (राज): इलाके में बेखौफ बदमाशों का आतंक इस कदर बढ़ चुका है कि किसी निर्दोष की जान बचाना भी अब जानलेवा साबित हो रहा है। गोपाल नगर इलाके में हथियारबंद 15 से अधिक गुंडों ने एक घर पर धावा बोलकर पूरे परिवार को लहूलुहान कर दिया। बदमाशों ने घर में जमकर तोड़फोड़ की, नकदी लूटी और बाहर खड़ी कार को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। थाना हैबोवाल पुलिस ने मामले में 5 मुख्य आरोपियों को नामजद कर 10-12 अज्ञात साथियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।
पीड़ित राजेश शर्मा, जो मल्हार रोड स्थित प्रसिद्ध बसंत आइसक्रीम पर बतौर मैनेजर कार्यरत हैं, ने बताया कि इस खूनी विवाद की शुरुआत एक राहगीर की जान बचाने के चक्कर में हुई। घटना से कुछ समय पहले काली माता मंदिर के पास कुछ शरारती तत्व एक बेकसूर लड़के को बेरहमी से पीट रहे थे। मारपीट करते हुए वे राजेश की गाड़ी के बिल्कुल करीब आ गए। राजेश ने जब गाड़ी से उतरकर बदमाशों को पीछे धकेला, तो पिट रहा लड़का अपनी जान बचाने के लिए राजेश के पीछे छिप गया और मौका देखकर वहां से भाग निकला।
लड़के के हाथ से निकल जाने के बाद गुस्साए बदमाशों ने राजेश शर्मा के साथ गाली-गलौज व हाथापाई शुरू कर दी। हालांकि, वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करवा दिया और राजेश अपने घर लौट आए। लेकिन बदमाशों की गुंडागर्दी यहीं नहीं थमी। रंजिश पाले आरोपी राजेश का पीछा करते हुए उनके घर तक पहुंच गए। 24 अक्तूबर की रात जब परिवार डिनर की तैयारी कर रहा था, तभी मुख्य दरवाजे पर जोरदार दस्तक हुई। राजेश की भाभी उषा रानी ने जैसे ही दरवाजा खोला, घात लगाकर बैठे सुखप्रीत सिंह, रवि, राहुल मेटा, शुभम नेपाली, विक्की कौशल और उनके 10-12 हथियारबंद साथी जबरन घर के अंदर घुस गए। आरोपियों ने उषा रानी, राजेश शर्मा और उनके भाई पर धारदार हथियारों व डंडों से हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया। घर में कोहराम मचाने के बाद आरोपी वहां रखे करीब 6 से 7 हजार रुपये की नकदी लूट ले गए।
इतना ही नहीं, इलाके में दहशत फैलाने के इरादे से बदमाशों ने घर के बाहर खड़ी उनकी सफेद रंग की बलेनो कार के शीशे तोड़ डाले और वाहन को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर मौके से फरार हो गए। मामले की जांच कर रहे थाना हैबोवाल के जांच अधिकारी प्रदीप सिंह ने बताया कि पीड़ित राजेश शर्मा के बयानों के आधार पर पुलिस ने सुखप्रीत सिंह उर्फ सुक्खी उर्फ बिल्ला, रवि उर्फ कौड़ी, राहुल मेटा, शुभम नेपाली, विक्की कौशल (सभी निवासी ऋषि नगर) और 10-12 अन्य अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

