लुधियाना में नकाबपोश बदमाशों का तांडव, कारोबारी से iPhone 17 समेत 2 फोन लूटे

punjabkesari.in Sunday, Oct 25, 2026 - 09:41 AM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर के जोधेवाल के अंतर्गत आते नूरवाला रोड इलाके में एक बार फिर बेखौफ बदमाशों का तांडव देखने को मिला है। एक चना-मूंगफली पैकिंग फैक्ट्री के 54 वर्षीय मालिक को दिनदहाड़े निशाना बनाते हुए स्प्लेंडर बाइक सवार तीन बदमाशों ने बेरहमी से पीटा और उनके दो महंगे मोबाइल फोन—आईफोन 17 (iPhone 17) और सैमसंग एंड्रॉयड फोन छीनकर फरार हो गए। गनीमत यह रही कि व्यापारी के पास मौजूद लाखों रुपये का कैश लुटने से बच गया। वहीं, घटना की पूरी सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध होने और शिकायत दर्ज करवाने के पांच दिन बीत जाने के बावजूद बस्ती जोधेवाल पुलिस द्वारा मौके का मुआयना तक न करने पर शहर के व्यापारिक हलकों में कड़ा आक्रोश फैल गया है।

फैक्ट्री में माल उतरवाने पहुंचे थे संजीव, गेट पर ही आ धमके बदमाश

प्राप्त विवरण के अनुसार, पीड़ित संजीव कुमार (54) का नूरवाला रोड, काकोवाल क्षेत्र में चना-मूंगफली पैकिंग का बड़ा कारोबार है। संजीव कुमार ने बताया कि 19 अक्टूबर (सोमवार) की सुबह उनकी फैक्ट्री में कच्चा माल आया था। वह अपनी क्रेटा कार से माल अनलोड करवाने के लिए फैक्ट्री पहुंचे थे। उन्होंने अपनी कार बाहर पार्क की और जैसे ही मुख्य गेट से फैक्ट्री के अंदर दाखिल होने लगे, तभी एक ही स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए तीन नकाबपोश युवकों ने उन्हें अचानक घेर लिया।

'धूम लका लका...' गाना गुनगुनाते हुए पीटा, चाय की बोतल से भिड़ गए कारोबारी

वारदात के दौरान बदमाशों के बेखौफ अंदाज का खुलासा करते हुए संजीव कुमार ने बताया कि उन पर हमला करते और मारपीट करते समय एक बदमाश मस्ती में 'धूम लका लका धूम लका लका...' गाना गुनगुना रहा था, जिससे साफ जाहिर होता है कि अपराधियों के भीतर कानून का रत्ती भर भी खौफ नहीं रह गया है। अचानक हुए हमले के बावजूद संजीव कुमार ने हिम्मत नहीं हारी और खुद को बचाते हुए हाथ में पकड़ी चाय की स्टील की बोतल से बदमाशों का मुकाबला किया। छीनाझपटी और हाथापाई के दौरान बदमाशों ने उनका कीमती आईफोन 17 और सैमसंग का मोबाइल फोन जबरन जेब से निकाल लिया। इस दौरान संजीव कुमार ने लुटेरों को पकड़ने के लिए काफी दूर तक उनका पीछा भी किया, लेकिन आरोपी स्प्लेंडर बाइक दौड़ाकर संकरी गलियों से फरार हो गए। राहत की बात यह रही कि छीनाझपटी के दौरान संजीव के पास मौजूद नकदी बदमाशों के हाथ नहीं लगी।

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, फुटेज खंगालने में जुटा परिवार

घटना के तुरंत बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें तीनों बदमाश स्प्लेंडर बाइक पर आते, वारदात को अंजाम देते और फरार होते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित परिवार ने यह अहम वीडियो फुटेज सुरक्षित कर पुलिस को सौंपने की पूरी तैयारी कर ली है ताकि लुटेरों की पहचान हो सके।

19 अक्टूबर की वारदात, 24 तक मुआयना करने तक नहीं पहुंची बस्ती जोधेवाल पुलिस

इस संगीन वारदात के बाद पुलिस प्रशासन की सुस्ती और गैर-जिम्मेदाराना रवैये ने एक बार फिर कमिश्नरेट पुलिस के सुरक्षा दावों पर सवालिया निशान लगा दिया है। संजीव कुमार ने बताया कि उन्होंने घटना के तत्काल बाद थाना बस्ती जोधेवाल में लिखित शिकायत दी थी। लेकिन बेहद अफसोसजनक पहलू यह है कि 19 अक्टूबर से लेकर 24 अक्टूबर तक पांच दिन बीत जाने के बावजूद स्थानीय थाने से कोई भी जांच अधिकारी या मुलाजिम घटनास्थल का जायजा लेने तक नहीं पहुंचा और न ही कोई औपचारिक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई। 

कारोबारी वर्ग का कहना है कि जब उद्योगपतियों और व्यापारियों पर दिनदहाड़े हमले हो रहे हैं और पुलिस प्राथमिक मुआयना करने में भी पांच-पांच दिन लगा रही है, तो आम नागरिक की सुरक्षा की क्या गारंटी रह जाती है। पीड़ित संजीव कुमार और स्थानीय दुकानदारों ने पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा से गुहार लगाई है कि मामले में तुरंत सख्त धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की जाए और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बाइक सवार लुटेरों को गिरफ्तार कर माल बरामद किया जाए।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News