लुधियाना में दिनदहाड़े वारदात: ज्वेलरी कारोबारी से स्नैचिंग, वारदात CCTV में कैद

punjabkesari.in Sunday, Oct 18, 2026 - 09:42 AM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर में बेखौफ घूम रहे झपटमारों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वे व्यस्त और पॉश इलाकों में भी दिनदहाड़े वारदातों को अंजाम देने से नहीं हिचकिचा रहे। ताजा मामला एससीडी सरकारी कॉलेज रोड पर सामने आया है, जहां शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे एक ज्वेलरी कारोबारी को निशाना बनाते हुए डिस्कवर बाइक सवार स्नैचर उनके हाथ से मोबाइल फोन झपटकर फरार हो गया। इस दुस्साहसिक वारदात का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी बाइक दौड़ाकर भागता हुआ साफ दिखाई दे रहा है। पीड़ित कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

पीड़ित ज्वेलरी कारोबारी शुभम जैन ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार दोपहर वह किसी काम के सिलसिले में एससीडी कॉलेज रोड स्थित फेमिन बुटीक के बाहर खड़े थे।दोपहर उनके मोबाइल पर किसी की कॉल आई। जैसे ही उन्होंने बात करने के लिए अपना फोन जेब से निकालकर कान के पास लगाया, तभी पीछे से एक अज्ञात युवक डिस्कवर मोटरसाइकिल पर सवार होकर तेजी से आया। इससे पहले कि शुभम कुछ समझ पाते या संभलने का मौका मिलता, शातिर स्नैचर ने बिजली की फुर्ती से झपट्टा मारकर उनके हाथ से महंगा मोबाइल फोन छीन लिया और बाइक की रफ्तार तेज कर आंखों से ओझल हो गया।

कॉलेज रोड जैसे अति-व्यस्त और प्रतिष्ठित इलाके में दिनदहाड़े दोपहर 3 बजे हुई इस झपटमारी के बाद स्थानीय दुकानदारों और कारोबारियों में गहरा रोष फैल गया है। व्यापारियों का कहना है कि जब मुख्य सड़कों पर ही दिनदहाड़े लोग सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा का क्या होगा। घटना के तुरंत बाद जब आसपास की दुकानों के सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए, तो एक फुटेज में डिस्कवर बाइक सवार आरोपी हाथ में छीना हुआ मोबाइल लेकर तेजी से भागता हुआ कैद मिला है।

वारदात की सूचना तुरंत संबंधित पुलिस स्टेशन को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और पीड़ित कारोबारी शुभम जैन के बयान दर्ज किए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वारदात स्थल और आसपास के रूट से जुड़े सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग को कब्जे में ले लिया गया है। फुटेज के आधार पर आरोपी की डिस्कवर बाइक के नंबर और उसके हुलिए की पहचान की जा रही है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News