दर्दनाक : ट्रक ने महिला को कुचला, मौके पर मौत; CCTV में कैद हुआ हादसा
punjabkesari.in Sunday, Oct 18, 2026 - 11:01 PM (IST)
लुधियाना: शहर के प्रताप चौक पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 63 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला बस से उतरकर सड़क पार कर रही थीं, तभी ईंटों से भरे एक ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना गंभीर था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
मृतका की पहचान आशा रानी के रूप में हुई है। वह पटियाला से लुधियाना में एक भोग समारोह में शामिल होने आई थीं। जानकारी के अनुसार, बस से उतरने के बाद जब वह सड़क पार कर रही थीं, तभी ईंटों से भरा ट्रक वहां से गुजरा और उन्हें कुचल दिया। बताया जा रहा है कि ट्रक का टायर उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी जान चली गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने ट्रक का पीछा किया, लेकिन चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने घटना की CCTV फुटेज की जांच शुरू कर दी है। फुटेज के जरिए हादसे की परिस्थितियों का पता लगाने और फरार ट्रक चालक की पहचान कर उसे पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

