लुधियाना की फैक्ट्री में दर्दनाक हादसा, मशीन में चुन्नी फंसने से महिला मजदूर की मौ+त
punjabkesari.in Monday, Nov 02, 2026 - 09:54 AM (IST)
लुधियाना, (राज): महानगर के फोकल प्वाइंट फेज-5 की होजरी लाइन स्थित एक फैक्ट्री में काम के दौरान बेहद दर्दनाक हादसा पेश आया। मशीन में अचानक चुन्नी फंस जाने के कारण 40 वर्षीय महिला मजदूर का सिर सीधे मशीन के रोलर/पुर्जों की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और मजदूर समर्थकों ने फैक्ट्री प्रबंधन की लापरवाही के खिलाफ गेट के बाहर धरना लगा दिया और जोरदार रोष प्रदर्शन शुरू कर दिया।
मृतका की पहचान 40 वर्षीय गीता देवी पत्नी सरोस साव के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के गया जिले के गांव अमराह की रहने वाली थीं। वर्तमान में वह अपने पति के साथ ढंडारी खुर्द स्थित दशमेश मार्केट में राजू लाला के बेहड़े में किराए पर रहती थीं। दोनों पति-पत्नी इसी होजरी फैक्ट्री में मजदूरी करते थे। मृतका के पति सरोस साव ने नम आंखों से प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि काम के दौरान मशीनों से भारी मात्रा में होजरी की धूल व रुंआ उड़ता था। मजदूरों को सुरक्षा उपकरण या मास्क मुहैया करवाने की बार-बार मांग के बावजूद प्रबंधन ने कोई ध्यान नहीं दिया। धूल और सांस की तकलीफ से बचने के लिए ही गीता देवी ने अपने मुंह पर चुन्नी बांध रखी थी। काम करते समय अचानक चुन्नी का एक छोर चलती मशीन में खिंच गया और पलक झपकते ही गीता का सिर मशीन के भीतर चला गया, जिससे वह बुरी तरह कुचल गई और उसकी सांसें थम गईं। हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर और यूनियन नेता मौके पर जुट गए। परिजनों और समर्थकों ने फैक्ट्री के मुख्य गेट पर धरना देकर नारेबाजी शुरू कर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि फैक्ट्री प्रबंधन श्रम कानूनों की खुलेआम धज्जियां उड़ा रहा था।
लंबे समय से काम करने के बावजूद गीता देवी का न तो भविष्य निधि (PF) काटा जा रहा था और न ही कर्मचारी राज्य बीमा (ESI) कार्ड बनवाया गया था। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि पीड़ित परिवार को तुरंत उचित आर्थिक मुआवजा दिया जाए और सुरक्षा मानकों में लापरवाही बरतने वाले प्रबंधकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी जीवन नगर के इंचार्ज ए.एस.आई. रंजीत सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया। चौकी इंचार्ज ने प्रदर्शन कर रहे परिजनों व समर्थकों को शांत करवाया और मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतका के पति के बयानों और फैक्ट्री प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था की पड़ताल की जा रही है। जांच के आधार पर बनती कानूनी धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

