पार्किंग विवाद में खूनी टकराव: दो गुटों में अंधाधुंध फायरिंग, एक की मौ/त
punjabkesari.in Wednesday, Oct 21, 2026 - 01:26 PM (IST)
लुधियाना (राज): ताजपुर रोड इलाके में वाहनों की पार्किंग को लेकर भड़का मामूली विवाद देखते ही देखते गैंगवार और खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। दो गुटों के बीच पहले जमकर गाली-गलौज व गाड़ियों में तोड़फोड़ हुई और फिर आधी रात को सरेराह अंधाधुंध गोलियां चला दी गईं। फायरिंग के दौरान 31 वर्षीय युवक दरबारा उर्फ हैरी की छाती में सीधे गोली लग गई। खून से लथपथ हालत में उसे तुरंत क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (CMC) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। पेशे से ड्राइवर का काम करने वाले नौजवान की असमय मौत के बाद इलाके में भारी दहशत और तनाव फैल गया है। सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-7 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर तफ्तीश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ताजपुर रोड पर देर रात एक गुट द्वारा गाड़ी पार्क करने को लेकर दूसरे पक्ष के साथ कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर एक पक्ष के युवकों ने तैश में आकर दूसरे पक्ष की गाड़ी के शीशे बुरी तरह तोड़ डाले। गाड़ी तोड़े जाने की खबर मिलते ही दूसरा गुट भी अपने साथियों को इकट्ठा कर मौके पर विरोध दर्ज कराने पहुंच गया। दोनों पक्षों में तीखी झड़प हुई और बात हाथापाई तक पहुंच गई। इसी दौरान एक पक्ष के हथियारबंद युवकों ने अपनी पिस्तौलों से सीधी फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी होते ही भगदड़ मच गई। इसी बीच भीड़ में पीछे खड़े दरबारा उर्फ हैरी की छाती को चीरती हुई एक गोली आर-पार हो गई, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। मृतक हैरी की पत्नी राजविंदर कौर ने रोते-बिलखते हुए पूरी घटना की दास्तान बयां की। राजविंदर ने बताया कि मंगलवार शाम उनके पति को तेज बुखार था और वह चुपचाप घर पर आराम कर रहे थे। तभी अचानक उनका एक दोस्त घर आया और उसने कहा कि बाहर उनकी गाड़ी के शीशे तोड़ दिए गए हैं। इसके तुरंत बाद 4-5 अन्य युवक भी घर आ धमके और हैरी को जबरन अपने साथ बाहर ले गए।

पत्नी ने बताया कि मंगलवार देर रात (तड़के करीब 3:00 बजे) उसके फोन पर अचानक कॉल आई कि हैरी को गोली लग गई है और उसे अस्पताल ले जाया जा रहा है। राजविंदर ने गंभीर सवाल खड़े करते हुए कहा, "जो लड़के आगे होकर झगड़ा कर रहे थे, उन्हें एक खरोंच तक नहीं आई, जबकि मेरे पति 6-7 लड़कों के पीछे खड़े थे और गोली सीधे उनकी छाती में मार दी गई। पत्नी राजविंदर ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि आरोपियों के साथ पिछले शनिवार को भी झगड़ा हुआ था।उस दिन भी उक्त लड़कों ने उसके पति को अकेला पाकर बुरी तरह पीटा था। उस समय वह अपनी सहेली सीनू (निवासी गांव गिलां) के साथ था। राजविंदर के मुताबिक, उसके पास सहेली की बातचीत की कॉल रिकॉर्डिंग भी मौजूद है, जिसमें वह बता रही है कि एक होटल के भीतर लड़कों ने हैरी के साथ गंभीर मारपीट की थी। पत्नी ने न्याय की गुहार लगाते हुए कहा, "मेरा तो पूरा घर उजड़ गया, जिंदगी बर्बाद हो गई। मुझे सिर्फ और सिर्फ इंसाफ चाहिए और मेरे निर्दोष पति के कातिलों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए।"
घटना की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-7 के पुलिस अधिकारी भारी फोर्स के साथ मौके पर और बाद में सीएमसी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गोलीबारी के वास्तविक हालात, इस्तेमाल किए गए हथियारों और दोनों गुटों में शामिल युवकों की पहचान के लिए ताजपुर रोड पर लगे तमाम सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयानों और प्राथमिक जांच के आधार पर हत्या और आर्म्स एक्ट की संगीन धाराओं में केस दर्ज किया जा रहा है और फायरिंग करने वाले शूटरों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

