Ludhiana घर से लापता युवक की बेरहमी से ह+त्या, सिर पर तेजधार हथियारों से किए वार

punjabkesari.in Saturday, Sep 12, 2026 - 09:09 AM (IST)

लुधियाना (राज): खानपुर इलाके में एक युवक की तेजधार हथियारों से वार कर बेरहमी से हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक 10 सितंबर की दोपहर को संदिग्ध परिस्थितियों में अपने घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। अगले दिन खानपुर नहर पटरी के साथ लगते एक सुनसान खाली खेत से उसका खून से लथपथ शव बरामद हुआ। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि अज्ञात हमलावरों ने पहले युवक को बुरी तरह पीटा और फिर उसके सिर पर तेजधार हथियारों से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। 

खेत में मिला खून से लथपथ शव
मृतक के भाई काका सिंह की शिकायत पर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।पुलिस को दिए आधिकारिक बयानों में काका सिंह ने बताया कि उसका भाई रुलदू सिंह 10 सितंबर को दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच किसी काम के सिलसिले में घर से निकला था। देर शाम तक जब वह घर वापस नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और जान-पहचान वालों से पूछताछ की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन, 11 सितंबर को परिजनों को सूचना मिली कि खानपुर नहर की पटरी के साथ लगते एक खाली खेत में किसी व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। जब परिवार मौके पर पहुंचा, तो वह शव रुलदू सिंह का ही निकला।

मौके पर ही तड़प-तड़प कर तोड़ा दम 
घटनास्थल पर रुलदू सिंह की लाश खून से सनी हालत में पड़ी थी। शव की हालत देखकर साफ लग रहा था कि कातिलों ने योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया है। किसी अज्ञात व्यक्ति या व्यक्तियों के गिरोह ने पहले रुलदू सिंह को घेरकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और फिर उस पर जानलेवा हमला करते हुए उसके सिर पर किसी भारी व तेजधार हथियार से कई वार किए। सिर की हड्डियां टूटने और गंभीर चोट लगने के कारण रुलदू सिंह ने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारी फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना कर साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अज्ञात हत्यारों के खिलाफ कत्ल की धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब मृतक के मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड, आखिरी लोकेशन और नहर पटरी की ओर जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही पुरानी रंजिश और लेन-देन के एंगल से भी परिजनों से पूछताछ की जा रही है ताकि हत्याकांड की गुत्थी को जल्द सुलझाया जा सके।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News