Ludhiana में गुंडागर्दी! 10-12 हथियारबंद बदमाशों ने युवक पर किए 18 वार, Video Viral

punjabkesari.in Saturday, Sep 19, 2026 - 09:48 AM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर में बेखौफ घूम रहे गुंडा तत्वों ने कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। टिब्बा रोड स्थित रमेश नगर इलाके में पूर्व विधायक संजय तलवार के दफ्तर के बिल्कुल समीप पुल के ऊपर 10 से 12 हथियारबंद बदमाशों ने 21 वर्षीय युवक को घेरकर उस पर तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया।

हमलावरों को देखकर जुगनू तो जान बचाकर भागने में सफल रहा
हमलावरों ने सड़क पर गिरे निहत्थे युवक पर एक के बाद एक 18 वार किए। वारदात का रूह कंपा देने वाला वीडियो पुल के ऊपर से एक राहगीर ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। लहूलुहान हालत में युवक को अस्पताल में दाखिल करवाया गया है, जहां उसकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है।पीड़ित की बड़ी बहन पिंकी ने बताया कि रात करीब 8 बजे उसका 21 वर्षीय भाई विक्की अपने एक दोस्त जुगनू के साथ बाहर निकला था। जैसे ही वे पूर्व विधायक के दफ्तर के पास पहुंचे, अचानक बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों को देखकर जुगनू तो जान बचाकर भागने में सफल रहा, लेकिन बाइक का संतुलन बिगड़ने से वह विक्की की टांग पर गिर गई। टांग नीचे दब जाने के कारण विक्की उठ नहीं पाया। वीडियो फुटेज के अनुसार, पहले दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने उस पर हमला शुरू किया। कुछ ही पलों में दो अन्य बाइकों और एक एक्टिवा पर सवार होकर आधा दर्जन से अधिक हथियारबंद गुंडे वहां पहुंचे और जमीन पर बेबस पड़े युवक पर दातर व तलवारों से ताबड़तोड़ 18 जानलेवा वार कर डाले।

"नाले में फेंकने लगे थे, बेटे ने हाथ जोड़े तो बची जान"
पीड़ित की मां जागीर कौर ने रोते हुए बताया कि उनका बेटा विक्की टाइल लगाने की मजदूरी करता है। मां ने बताया कि दरिंदगी से पीटने के बाद हमलावर आपस में कहने लगे कि 'इसे पास के गंदे नाले में फेंक देते हैं ताकि सबूत ही खत्म हो जाए।' गंभीर रूप से घायल विक्की उनके आगे हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाता रहा कि उसका मोबाइल, पैसे और बाइक सब ले जाओ, बस उसे जिंदा छोड़ दो और नाले में मत फेंको। हमलावर उसका मोबाइल, जेब में रखे पैसे और बाइक लूटकर फरार हो गए। बाद में परिजनों को सूचना मिली कि लूटी गई बाइक थाना नंबर 7 की पुलिस के पास पहुंची है। परिजनों के अनुसार, क्रूर हमले में विक्की की दोनों बाजू फ्रैक्चर हो गई हैं और सिर पर गहरे घावों के कारण कई टांके आए हैं। बहन पिंकी और मां ने साफ किया कि विक्की किसी भी तरह के नशे या गलत संगत में नहीं है और न ही परिवार की किसी से कोई पुरानी रंजिश या दुश्मनी थी। बदमाशों ने बिना किसी बात के उस पर यह खूनी हमला बोला। पीड़ित परिवार ने पुलिस कमिश्नर से मांग की है कि वायरल वीडियो के आधार पर सभी हमलावरों की पहचान कर उन पर हत्या के प्रयास की धाराओं में पर्चा दर्ज कर गिरफ्तार किया जाए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News