Ludhiana: ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री का पर्दाफाश, अपने ने ही दिया वारदात को अंजाम
punjabkesari.in Wednesday, Sep 23, 2026 - 09:26 AM (IST)
लुधियाना (राज): पक्खोवाल रोड स्थित ललतों नहर के पास मिले महिला के सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी को कमिश्नरेट पुलिस ने सुलझा लिया है। करीब 4 दिनों की कड़ी मशक्कत और तकनीकी जांच के बाद मृतका की पहचान मनी रानी के रूप में हुई। पुलिस जांच में यह खौफनाक खुलासा हुआ है कि मनी की हत्या किसी गैर ने नहीं, बल्कि उसके दोस्त पप्पू शर्मा ने पैसों के विवाद के चलते चाकू से गला रेतकर की थी। आरोपी महिला को बरनाला से अपनी पिकअप गाड़ी में बैठाकर लुधियाना लाया था और वारदात के बाद शव को नहर किनारे सुनसान जगह पर फेंककर फरार हो गया था। थाना सदर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या की धारा के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी पप्पू शर्मा मूल रूप से बरनाला का रहने वाला है और वह अक्सर अपनी पिकअप गाड़ी में प्लास्टिक की पाइपें सप्लाई करने के सिलसिले में बरनाला से लुधियाना आता-जाता था। 17 सितंबर की रात भी वह अपनी पिकअप गाड़ी लेकर लुधियाना के लिए निकला था और मनी रानी भी उसके साथ गाड़ी में सवार होकर आई थी। रास्ते में दोनों के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर पप्पू शर्मा ने गाड़ी में रखे चाकू से मनी रानी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। आरोपी ने बेरहमी से उसका गला रेतकर उसे मौत के घाट उतार दिया। कत्ल के बाद उसने पक्खोवाल रोड पर पेट्रोल पंप के पास, एल्डिको के सामने नहर किनारे सुनसान जगह देखकर शव को वहां फेंक दिया और गाड़ी लेकर रफूचक्कर हो गया।
मृतका की बहन नीलू रानी ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि 17 सितंबर की रात मनी रानी अपने मायके घर पर मौजूद थी। उसी दौरान उसके मोबाइल पर किसी व्यक्ति की कॉल आई। कॉल पर बात करने के कुछ ही देर बाद मनी किसी काम का कहकर घर से निकल गई, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। अगली सुबह परिजनों को सूचना मिली कि पक्खोवाल रोड पर नहर किनारे एक अज्ञात महिला का रक्तरंजित शव मिला है। परिजन मौके पर पहुंचे भी थे, लेकिन उस समय शव की स्थिति देखकर तुरंत पहचान नहीं हो सकी थी। बताया जा रहा है कि मनी रानी का करीब 5-6 साल पहले पति से तलाक हो चुका था और उसके बच्चे ससुराल पक्ष के पास रहते हैं, जबकि वह खुद मायके परिवार के साथ रह रही थी।
'Money' टैटू और CCTV कैमरों ने खोला मर्डर का राज
घटनास्थल से कोई पहचान पत्र न मिलने के कारण शुरुआत में यह मामला पुलिस के लिए पूरी तरह 'ब्लाइंड मर्डर' था। पुलिस ने मृतका की बाजू पर बने अंग्रेजी के 'Money' टैटू और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को मुख्य आधार बनाकर कड़ियां जोड़नी शुरू कीं। लगातार 4 दिनों तक विभिन्न इलाकों में पूछताछ और तकनीकी जांच के बाद पुलिस आखिरकार मृतका के परिवार तक पहुंचने में कामयाब रही। परिजनों द्वारा शव की शिनाख्त मनी रानी के रूप में किए जाने के बाद पुलिस ने उसके कॉल डिटेल रिकॉर्ड और परिचितों की सूची खंगाली, जिससे सीधा सुराग बरनाला निवासी पप्पू शर्मा तक जा पहुंचा। थाना सदर के एसएचओ जगदेव सिंह ने बताया कि मामला पूरी तरह से सुलझा लिया गया है। उन्होंने बताया कि प्राथमिक जांच में पैसों के लेन-देन का विवाद ही हत्या की मुख्य वजह बनकर सामने आया है।
पुलिस ने मृतका की बहन की शिकायत और जांच रिपोर्ट के आधार पर नामजद आरोपी पप्पू शर्मा निवासी बरनाला के खिलाफ धारा 103 (1) बीएनएस के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। एसएचओ ने कहा कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है और डॉक्टरों की अंतिम विसरा व पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद केस में अन्य मेडिकल तथ्य भी शामिल किए जाएंगे। आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

