Ludhiana में पान की दुकान पर पुलिस की Raid, बरामद हुआ प्रतिबंधित सामान
punjabkesari.in Wednesday, Sep 16, 2026 - 08:48 AM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर में प्रतिबंधित और सेहत के लिए जानलेवा साबित होने वाले फ्लेवर्ड केमिकल तंबाकू उत्पादों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक दुकानदार को रंगे हाथों काबू किया है। आरोपी दुगरी स्थित जैन मंदिर चौक के पास अपनी पान की दुकान की आड़ में लंबे समय से युवाओं को गैर-कानूनी ढंग से केमिकल युक्त फ्लेवर्ड तंबाकू बेच रहा था।
पुलिस ने दुकान पर औचक छापेमारी कर भारी मात्रा में विभिन्न फ्लेवर के केमिकल तंबाकू पैकेट बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से आरोपी शंशाक मिश्रा को हिरासत में लेकर संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर राजिंदर सिंह ने बताया कि वह अपनी पुलिस पार्टी के साथ इलाके में अपराध रोकथाम और कानून-व्यवस्था के सिलसिले में गश्त पर थे। उन्हें सूचना मिली कि जैन मंदिर चौक (दुगरी) के निकट पान की दुकान चलाने वाला शशांक नाम का दुकानदार दुकानदारी की आड़ में पंजाब सरकार व प्रशासन द्वारा पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया केमिकल युक्त फ्लेवर्ड तंबाकू चोरी-छिपे बेचता है। सूचना यह भी थी कि वह युवाओं और विद्यार्थियों को नशे के इस जाल में धकेल रहा है और इस समय भी उसकी दुकान में प्रतिबंधित माल मौजूद है। इसके बाद तुरंत पुलिस पार्टी के साथ जैन मंदिर चौक स्थित उक्त पान की दुकान पर अचानक रेड की।
पुलिस की औचक छापेमारी से दुकानदार शशांक को संभलने का मौका नहीं मिला। जब दुकान के काउंटरों और गुप्त खानों की तलाशी ली गई, तो वहां से प्रतिबंधित केमिकल फ्लेवर्ड तंबाकू का स्टॉक बरामद हुआ। बरामदगी का विवरण इस प्रकार है, पान रसना फ्लेवर, वाटरमेलन फ्लेवर, रेड रोज फ्लेवर, 50 ग्राम केमिकल तंबाक मिले हैं। पुलिस ने बरामद सभी पैकेटों को सील कर अपने कब्जे में ले लिया और आरोपी शशांक के खिलाफ तंबाकू नियंत्रण कानून व सरकारी प्रतिबंध के उल्लंघन की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

