फर्जी पुलिस बनकर ''चिट्टा'' पी रहे 3 नशेड़ी दबोचे, निहंग सिंहों ने खंभे से बांधकर चप्पलों से पीटा, Video
punjabkesari.in Thursday, Sep 24, 2026 - 01:22 PM (IST)
लुधियाना(राज): महानगर के थाना डेहलों अंतर्गत आते इलाके में पुलिस की वर्दी की आड़ लेकर नशा करने वाले तीन शातिर युवकों को निहंग सिंहों ने रंगे हाथों धर दबोचा। पकड़े गए युवकों में से दो ने पुलिस जैसी वर्दी (खाकी पैंट व काली टी-शर्ट) पहन रखी थी और वे एक खाली प्लॉट में बेखौफ होकर 'चिट्टे' के का कश लगा रहे थे। निहंग सिंहों ने गुस्से में आकर आरोपियों को बिजली के खंभे से बांध दिया और चप्पलों से उनकी जमकर छित्तर-परेड कर दी।
इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बाद में निहंगों ने तीनों को डेहलों पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने मामले की पड़ताल के बाद तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार, गांव गोपालपुर की दाना मंडी के पास स्थित एक सुनसान खाली प्लॉट में एक गाड़ी संदिग्ध हालत में खड़ी थी। वहां से गुजर रहे निहंग सिंहों की नजर जब गाड़ी और उसमें बैठे युवकों पर पड़ी, तो वे दंग रह गए। युवकों में से दो ने पंजाब पुलिस से मिलती-जुलती वर्दी पहन रखी थी और वे कार के भीतर बैठकर सिल्वर पन्नी और लाइटर की मदद से चिट्टे का सेवन कर रहे थे। निहंग सिंहों ने तुरंत घेराबंदी कर तीनों को मौके पर ही काबू कर लिया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि निहंग सिंह गुस्से में हैं और उन्होंने पुलिस जैसी वेशभूषा पहने युवक को एक खंभे से बांध रखा है। वीडियो में निहंग सिंह उसकी चप्पलों से पिटाई करते हुए कड़ाई से पूछताछ कर रहे हैं। जब निहंगों ने पूछा कि 'तू किस थाने से है?', तो मार के डर और घबराहट में आरोपी युवक हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाते हुए कहता है, 'डेहलों थाने से।' इसके बाद निहंग सिंह उससे पूछते हैं कि अगर तू पुलिस वाला है तो गाड़ी में बैठकर चिट्टा क्या कर रहा था? युवक बुरी तरह रोते हुए अपनी गलती की माफी मांगता नजर आ रहा है। निहंग सिंहों ने मौके पर ही थाना डेहलों की पुलिस को सूचित किया और तीनों आरोपियों को पुलिस पार्टी के हवाले कर दिया।थाना डेहलों के सब-इंस्पेक्टर (SI) गुरमीत सिंह की शिकायत के आधार पर दर्ज प्राथमिक रिपोर्ट के अनुसार, मौके से एक लाइटर, एक जली हुई सिल्वर पन्नी और मुड़ा हुआ ₹10 का नोट बरामद हुआ है, जिसका इस्तेमाल आरोपी चिट्टे का धुआं खींचने के लिए कर रहे थे। पुलिस ने पकड़े गए तीनों आरोपियों—अजय शर्मा, आकाशदीप और गुरकीरत सिंह के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत विधिवत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस विभाग से कोई संबंध नहीं, रौब दिखाने को पहनी थी वर्दी: SHO विजय कुमार
वर्दी में युवकों के पकड़े जाने के बाद सोशल मीडिया पर पुलिस महकमे को लेकर फैल रही अफवाहों पर थाना डेहलों के एसएचओ विजय कुमार ने स्थिति पूरी तरह स्पष्ट की है।एसएचओ ने बताया कि पकड़े गए तीनों युवक आम नागरिक और नशे के आदी हैं, उनका पंजाब पुलिस विभाग से कोई लेना-देना नहीं है। आरोपियों ने सिर्फ पुलिस विभाग से मिलती-जुलती टी-शर्ट और खाकी पैंट इसलिए पहन रखी थी ताकि रास्ते में कोई उन पर शक न करे, वे लोगों पर झूठा रौब झाड़ सकें और बिना रोक-टोक आसानी से नशा कर सकें। एसएचओ ने कहा कि तीनों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि वे यह चिट्टा किस तस्कर से खरीदकर लाए थे।

