‘10 लाख लो और वकील पर गोलियां चलाओ’, जूता कारोबारी पर सुपारी देने का आरोप
punjabkesari.in Sunday, Oct 18, 2026 - 09:40 AM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर के चर्चित और विवादित जूता व्यापारी गुरविंदर सिंह प्रिंकल द्वारा विदेश में बैठकर वकील गगनप्रीत सिंह की सुपारी देकर हत्या करवाने की सनसनीखेज साजिश का पर्दाफाश हुआ है। पीड़ित वकील द्वारा दर्ज करवाए गए आधिकारिक बयानों के आधार पर थाना सराभा नगर पुलिस ने विदेश भागे प्रिंकल, उसके पिता तलविंदर सिंह, भाई सतनाम सिंह और एक महिला मित्र नवजीत कौर ढिल्लों के खिलाफ हत्या की साजिश, संगठित अपराध और अपराधी को पनाह देने जैसी संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी प्रिंकल के पिता और भाई को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना सराभा नगर पुलिस को दर्ज करवाए गए आधिकारिक बयानों में एडवोकेट गगनप्रीत सिंह ने बताया कि वह पिछले 17 वर्षों से वकालत कर रहा हैं। वर्ष 2022 में वह पूर्व विधायक सिमरजीत सिंह बैंस के एक मामले में बतौर वकील पेश हुए थे। बैंस का राजनीतिक विरोधी होने के कारण प्रिंकल ने उसे बैंस का केस छोड़ने की धमकियां देनी शुरू कर दीं। जब वह पीछे नहीं हटे, तो प्रिंकल ने सोशल मीडिया पर उनकी पत्नी और परिवार के चरित्र के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक व अश्लील पोस्टें डालनी शुरू कर दीं। इस संबंध में प्रिंकल के खिलाफ पहले थाना सराभा नगर पहले केस दर्ज हुआ था। जिसके चलते प्रिंकल करीब 6-7 महीने जेल में भी बंद रहा।
गगनप्रीत सिंह के अनुसार, प्रिंकल के खिलाफ महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अभद्र वीडियो डालने को लेकर 4 अन्य मामले भी दर्ज हैं। मई/जून 2026 में नए केस दर्ज होने के बाद अदालती कार्रवाई से बचने के लिए प्रिंकल गैर-कानूनी तरीके से विदेश भाग गया। विदेश जाने के बाद उसने अदालतों में पेश होना बंद कर दिया, जिसके कारण उसकी जमानत रद्द हो गई और अदालत द्वारा उसे भगोड़ा घोषित करने की कानूनी प्रक्रिया चल रही है। विदेश बैठकर भी उसने अपने फेसबुक पेज से उसकी एआई जनरेटेड तस्वीर पोस्ट की और धमकी दी कि मैं तुम्हारी नस्लें खत्म कर दूंगा।
स्पेन के नंबर से आई कॉल, प्रिंकल ने तुम्हे मारने की दी है 10 लाख की सुपारी
गगनप्रीत सिंह के अनुसार, 9 और 10 सितंबर 2026 की दरमियानी रात करीब डेढ़ बजे उनके मोबाइल पर एक विदेशी नंबर से फोन आया। कॉल कटने के बाद व्हाट्सएप पर संदेश आया इसके बाद उसी नंबर से दोपहर में आई व्हाट्सएप कॉल पर एक अज्ञात व्यक्ति ने खुलासा किया कि विदेश बैठे प्रिंकल ने गगनप्रीत को गोलियां मारने के लिए 10 लाख रुपये की सुपारी की पेशकश की है। कॉलर ने बताया कि प्रिंकल पिछले 3 महीने से उसे कह रहा था कि वह वारदात के लिए हथियार, रहने का ठिकाना और मोटरसाइकिल भी मुहैया करवाएगा।
दफ्तर के अंदर-बाहर से रेकी कर भेजीं तस्वीरें, पैरों तले खिसकी जमीन
गगनप्रीत के मुताबिक कॉल करने वाले व्यक्ति ने सबूत के तौर पर वकील की तस्वीरें और उनके घर के नीचे बने प्रॉपर्टी एडवाइजर के दफ्तर की तस्वीरें व्हाट्सएप पर भेजीं। तस्वीरों पर 15 अगस्त की तारीख दर्ज थी, जिसमें साफ दिख रहा था कि रेकी करने वालों ने पहले बाहर से और फिर खाली दफ्तर के अंदर खड़े होकर सड़क की तरफ की तस्वीरें खींची थीं। कॉलर ने प्रिंकल के साथ हुई तीखी बहस की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी भेजी, जिसमें गोली मारने से इनकार करने पर प्रिंकल गंदी-गंदी गालियां दे रहा था।
पिता, भाई और महिला मित्र कर रहे थे फंडिंग
एडवोकेट गगनप्रीत सिंह ने पुलिस को बताया कि विदेश बैठे प्रिंकल को कत्ल की साजिश रचने, रेकी करवाने और कानूनी कार्रवाई से बचाने के लिए उसके पिता सतनाम सिंह शंटी, भाई तलविंदर सिंह बंटी और उसकी महिला मित्र नवजीत कौर अपने बैंक खातों के जरिए लाखों रुपये ट्रांसफर कर आर्थिक मदद पहुंचा रहे हैं। इसलिए पुलिस ने उन्हे भी केस दर्ज नामजद किया है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

