मॉडल टाउन में गोलियों की गूंज, इमिग्रेशन ऑफिस पर बाइक सवार 2 हमलावरों ने की फायरिंग

punjabkesari.in Monday, Oct 12, 2026 - 01:26 PM (IST)

लुधियाना (राज/गणेश): महानगर के अति-सुरक्षित और पॉश रिहायशी-व्यावसायिक इलाके मॉडल टाउन में देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट से सनसनी फैल गई। यहां स्थित 'राइट वे इमिग्रेशन' के दफ्तर को निशाना बनाते हुए बाइक सवार 2 अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर हवा में हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। सुबह घटना की सूचना मिलते ही एसीपी और थाना मॉडल टाउन की पुलिस भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

PunjabKesari

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मॉडल टाउन स्थित 'राइट वे इमिग्रेशन' का दफ्तर रात के समय बंद था। देर रात एक बाइक पर सवार होकर दो संदिग्ध युवक दफ्तर के बाहर पहुंचे। आरोपियों ने अपने चेहरे ढके हुए थे। बिना कोई मौका दिए आरोपियों ने अपनी पिस्तौल निकाली और सीधे इमिग्रेशन ऑफिस के फ्रंट शीशों/गेट को निशाना बनाते हुए गोलियां दाग दीं। गनीमत यह रही कि वारदात के समय दफ्तर बंद था और कोई कर्मचारी भीतर मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा जानी नुकसान होने से टल गया। हालांकि, गोलियां लगने से दफ्तर की खिड़कियों और ढांचे को नुकसान पहुंचा है।

घटना के पीछे फिरौती या किसी गैंग से जुड़ी धमकी का अंदेशा जताया जा रहा है। सूत्रों के हवाले से जानकारी सामने आई है कि इमिग्रेशन फर्म के मालिक को पिछले कुछ दिनों से अज्ञात नंबरों से लगातार धमकियां मिल रही थीं। आशंका जताई जा रही है कि दफ्तर पर फायरिंग दहशत कायम करने और मोटी रकम ऐंठने के मकसद से करवाई गई है। वारदात की खबर लगते ही इलाके के एसीपी और थाना मॉडल टाउन के एसएचओ पुलिस टीम व फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। 

पुलिस ने मौके से खाली खोल और अन्य अहम साक्ष्य जुटाए हैं। धमकियों के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पुलिस थाने में पहले ऐसी किसी धमकी या रंगदारी से संबंधित कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई थी। अधिकारियों का कहना है कि पुलिस मामले को पूरी गंभीरता से ले रही है और आपसी रंजिश, वीजा विवाद तथा रंगदारी समेत तमाम एंगल्स से जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस टीम ने इमिग्रेशन दफ्तर और आसपास की दुकानों व कोठियों के बाहर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की रिकॉर्डिंग अपने कब्जे में ले ली है। फुटेज में बाइक सवार दो संदिग्ध गोलीबारी करते और उसके बाद तेजी से भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के जरिए इस्तेमाल की गई बाइक के नंबर और आरोपियों के रूट को ट्रेस किया जा रहा है। 

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News