फिरौती गैंग का पर्दाफाश, विदेश में बैठे गैंगस्टर के इशारे पर फायरिंग करने वाले 2 शूटर दबोचे
punjabkesari.in Sunday, Oct 04, 2026 - 11:04 AM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर में कारोबारियों और उद्योगपतियों को फिरौती के लिए धमकाने और टारगेट फायरिंग करने वाले विदेशी गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ पुलिस को बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। विदेश में बैठे गैंगस्टर हरमन संधू के इशारे पर शहर के व्यापारियों के घरों और दफ्तरों पर गोलियां चलाकर जबरन वसूली (एक्सटॉर्शन) करने वाले मॉड्यूल के दो सक्रिय शूटरों को सीआईए पुलिस ने हथियारों की खेप सहित धर दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से एक आधुनिक 9 एमएम ग्लॉक पिस्टल, 10 जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली काले रंग की यामाहा मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
प्राप्त आधिकारिक विवरण के अनुसार, 3 अक्टूबर को सब-इंस्पेक्टर (SI) सुखविंदर सिंह पुलिस पार्टी के साथ इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और संदिग्ध तत्वों की चेकिंग के संबंध में गश्त पर मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस टीम को एक विश्वसनीय मुखबिर खास ने अत्यंत गोपनीय सूचना दी कि राहुल कुमार और राधे श्याम नामक दो युवक अवैध असलहे से लैस हैं। वे विदेश में बैठे अपने साथी गैंगस्टर हरमन संधू के सीधे संपर्क में हैं और उसके निर्देशों पर महानगर के नामी कारोबारियों के घरों व कार्यालयों की रेकी कर वहां दहशत फैलाने के लिए फायरिंग करते हैं, जिसके बाद फिरौती की मांग की जाती है।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसआई सुखविंदर सिंह की अगुवाई वाली पुलिस टीम ने फौरन योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी की और दोनों आरोपियों—राहुल कुमार और राधे श्याम को मौके से काबू कर लिया। तलाशी लेने पर पुलिस को आरोपियों के पास से एक अवैध 9 एमएम ग्लॉक (Glock) पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस (रौंद) बरामद हुए। इसके अतिरिक्त, मौके से आरोपियों द्वारा इस्तेमाल की जा रही काले रंग की यामाहा मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर HP 03 D 2599) को भी पुलिस ने केस प्रॉपर्टी के तौर पर जब्त कर लिया है।
विदेश से संचालित फिरौती रैकेट पर पुलिस का शिकंजा
जांच में खुलासा हुआ है कि दोनों शूटर विदेशी हैंडलर हरमन संधू के निर्देशों पर शहर में दहशत का माहौल बनाकर बड़े व्यापारियों से मोटी रकम वसूलने की फिराक में थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की संगीन धाराओं के तहत आपराधिक मुकद्दमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जा रहा है। रिमांड के दौरान पूछताछ में यह पता लगाया जाएगा कि उक्त आधुनिक विदेशी ग्लॉक पिस्टल उन्हें किसने सप्लाई की थी और आने वाले दिनों में महानगर का कौन-सा कारोबारी या प्रतिष्ठान इनके निशाने पर था। मामले में आगे की कड़ियां जोड़ते हुए बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

