नशा तस्करी-गैंगस्टर नेटवर्क पर शिकंजे की तैयारी: लुधियाना में बनेगा IB का हाईटेक दफ्तर

punjabkesari.in Friday, Oct 02, 2026 - 08:44 AM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर की सुरक्षा और आंतरिक खुफिया व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया जा रहा है। शहर में अब केंद्रीय खुफिया एजेंसी इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) का अत्याधुनिक और विशाल कार्यालय स्थापित होने जा रहा है। इसके लिए लुधियाना इंप्रूवमेंट ट्रस्ट ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए हलका वेस्ट के अंतर्गत ऋषि वाल्मीकि नगर में खाली कराई गई 3 हजार वर्ग गज से अधिक जमीन आईबी को सौंपने का फैसला किया है। ट्रस्ट ने इस संबंध में प्रस्ताव पारित कर अंतिम स्वीकृति के लिए पंजाब सरकार को भेज दिया है।

बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पारित, सरकार की अंतिम मुहर का इंतजार
इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन तरसेम सिंह भिंडर ने बताया कि आईबी की ओर से लुधियाना में कार्यालय निर्माण के लिए भूमि की मांग काफी समय से की जा रही थी। सुरक्षा एजेंसी की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए ट्रस्ट की बोर्ड बैठक में यह एजेंडा रखा गया। बैठक में सर्वसम्मति से ऋषि वाल्मीकि नगर स्थित 3 हजार वर्ग गज जमीन रिजर्व प्राइस पर आईबी को हस्तांतरित करने का प्रस्ताव पास किया गया। अब यह प्रस्ताव स्थानीय निकाय विभाग के माध्यम से चंडीगढ़ भेजा गया है, जहां से मंजूरी मिलते ही भूमि का कब्जा आईबी को दे दिया जाएगा।

40 वर्ष पुराना अवैध कब्जा हटाकर खाली कराई गई जमीन
चेयरमैन तरसेम सिंह भिंडर के अनुसार, इस बेशकीमती जमीन पर करीब चार दशकों से अवैध कब्जा था। ट्रस्ट प्रशासन ने पिछले माह पुलिस बल और अर्थमूवर मशीनों की मदद से इस पूरी जगह को अवैध कब्जों से मुक्त कराया था। जमीन खाली होते ही इसे सुरक्षित रखने और महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट के उपयोग में लाने की प्रक्रिया शुरू की गई, ताकि दोबारा अतिक्रमण की स्थिति न बने।

धार्मिक स्थल की मांग से उपजा नया पेंच
जमीन हस्तांतरण के बीच प्रशासन के सामने एक संवेदनशील स्थिति भी उत्पन्न हो गई है। कब्जा मुक्त कराई गई जमीन के एक हिस्से के पास धार्मिक स्थल निर्माण की सुगबुगाहट शुरू हो गई है और कुछ वर्गों की ओर से इसके लिए अलग से जगह छोड़ने की मांग की जा रही है। ट्रस्ट और जिला प्रशासन अब इस प्रयास में जुटे हैं कि जनभावनाओं का सम्मान करते हुए विधिक नियमों के तहत समाधान निकाला जाए, जिससे सुरक्षा एजेंसी के कार्यालय का काम निर्बाध शुरू हो सके।

आईबी दफ्तर बनने से शहर को मिलने वाले प्रमुख लाभ
महानगर में आईबी का बड़ा केंद्र बनने से सुरक्षा स्तर पर महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ेगा। संगठित अपराध व नशा तस्करी पर रोक: आईबी की सक्रिय उपस्थिति से सीमा पार हथियारों व मादक पदार्थों की तस्करी और स्थानीय गैंगस्टर सिंडिकेट पर प्रभावी नियंत्रण संभव होगा। आधुनिक तकनीकी केंद्र स्थापित होने से संवेदनशील मामलों में खुफिया जानकारी तेजी और सटीकता से जुटाई जा सकेगी। कमिश्नरेट पुलिस को केंद्रीय एजेंसियों (CBI, ED, NIA) के साथ इनपुट साझा करने और संयुक्त अभियान चलाने में आसानी होगी। औद्योगिक शहर होने के चलते कारोबारियों और उद्यमियों को सुरक्षा की दृष्टि से अधिक सुरक्षित और अनुकूल माहौल मिलेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News