शादी के डेढ़ महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौ+त, पति और ननद पर दहेज प्रताड़ना के आरोप

punjabkesari.in Saturday, Oct 24, 2026 - 03:02 PM (IST)

पठानकोट (हरजिंदर सिंह गोराया): पठानकोट के प्रीत नगर में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान 25 वर्षीय सीमा के रूप में हुई है, जिसकी शादी 5 सितंबर को जम्मू निवासी अमित कुमार के साथ हुई थी। शादी के करीब डेढ़ महीने बाद हुई इस घटना के बाद मृतका के परिवार ने उसके पति और ननद पर दहेज के लिए मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतका के भाई अश्वनी कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसकी छोटी बहन सीमा की शादी जम्मू के बख्शी नगर निवासी अमित कुमार से हुई थी। परिवार ने अपनी हैसियत के अनुसार शादी की थी और इसके लिए करीब तीन लाख रुपये का कर्ज भी लिया था। अश्वनी के आरोपों के मुताबिक, शादी के कुछ समय बाद ही सीमा को कम दहेज लाने के ताने दिए जाने लगे। उसका पति अमित कुमार और ननद दीपिका कथित तौर पर उससे और पैसे लाने का दबाव बनाते थे। परिवार का कहना है कि इस वजह से सीमा मानसिक तनाव में रहने लगी थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, 7 अक्टूबर को दहेज की मांग को लेकर सीमा का ससुराल पक्ष के साथ विवाद हुआ था। आरोप है कि इसके बाद उसे घर से निकाल दिया गया, जिसके चलते वह पठानकोट स्थित अपने मायके आ गई। परिवार ने दोनों पक्षों के बीच समझौता करवाने की कोशिश की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका।

मौत से एक रात पहले पति का फोन आने का दावा
परिवार के मुताबिक, 21 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे अमित कुमार ने सीमा को फोन किया था। उसके भाई का आरोप है कि फोन पर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद सीमा और अधिक परेशान हो गई थी। परिवार के सदस्यों के अनुसार, 22 अक्टूबर की सुबह करीब 7 बजे सीमा ने अपने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। कुछ समय बाद वह कमरे में छत के पंखे से लटकी मिली। घटना का पता चलते ही परिवार में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवार ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच करने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

पति और ननद के खिलाफ FIR दर्ज

पुलिस ने अश्वनी कुमार की शिकायत के आधार पर थाना डिवीजन नंबर-2 में अमित कुमार और दीपिका के खिलाफ FIR दर्ज की है। मिली जानकारी के अनुसार, मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80 और 3(5) लगाई गई हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी जम्मू के बख्शी नगर इलाके के रहने वाले हैं और फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News