जालंधर बाईपास पर बेकाबू बस का कहर: एक्टिवा सवार कटर मास्टर को कुचला, मौके पर ही दर्दनाक मौ+त
punjabkesari.in Thursday, Oct 15, 2026 - 08:45 AM (IST)
लुधियाना(राज): जालंधर बाईपास रोड पर बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार बस ने एक्टिवा सवार एक व्यक्ति को बुरी तरह कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि बस चालक व्यक्ति को सड़क पर रौंदते हुए ऊपर से गाड़ी निकाल ले गया, जिससे उसकी मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। राहगीरों व परिजनों ने मामले में आरोपी वाहन चालक को तुरंत गिरफ्तार करने और सख्त सजा दिलाने की मांग की है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया और अज्ञात बस चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
हादसे के बाद सड़क पर भारी ट्रैफिक जाम लग
प्राप्त विवरण के अनुसार, मृतक की पहचान सुखविंदर उर्फ सोनू (40 वर्ष) के रूप में हुई है। सुखविंदर मूल रूप से सलेम टाबरी इलाके के अधीन आती भटियां कॉलोनी का रहने वाला था और पेशे से कपड़ों की कटिंग (कटर मास्टर) का काम करता था। वह सुंदर नगर स्थित एक गारमेंट फैक्ट्री में कार्यरत था। बुधवार रात वह रोजमर्रा की तरह अपना कामकाज निपटाकर एक्टिवा पर सवार होकर घर लौट रहा था। जैसे ही वह जालंधर बाईपास के समीप पहुंचा, तभी पीछे से आई एक तेज रफ्तार व अनियंत्रित बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी और पहियों तले कुचलते हुए आगे निकल गई। हादसे के बाद सड़क पर भारी ट्रैफिक जाम लग गया। इसी दौरान मृतक का दोस्त लक्की भी उसी रास्ते से अपने घर जा रहा था। सड़क पर लंबा जाम और भीड़ लगी देख लक्की जब यह देखने के लिए आगे बढ़ा कि क्या हुआ है, तो सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त पड़ी एक्टिवा देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। उसने तुरंत वाहन नंबर और गाड़ी के हुलिए से पहचान लिया कि यह उसके अभिन्न मित्र सोनू की एक्टिवा है। पास जाकर देखा तो सोनू खून से लथपथ हालत में दम तोड़ चुका था।
शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया
लक्की ने तुरंत घटना की सूचना परिजनों को दी। बताया गया है कि मृतक शादीशुदा था और उसकी कोई संतान नहीं थी। घर के मुख्य कमाने वाले सदस्य की असमय मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम की टीम और जांच अधिकारी सिंगारा सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। मामले की जानकारी देते हुए जांच अधिकारी सिंगारा सिंह ने बताया कि मौके से फरार होने के कारण फिलहाल टक्कर मारने वाली बस और उसके नंबर की पुख्ता पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस जालंधर बाईपास चौक और आसपास के ढाबों व दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है, ताकि आरोपी वाहन और उसके रूट को ट्रेस किया जा सके।

