सवारियों से भरी PRTC बस के साथ भयानक हादसा, कार से हुई जोरदार टक्कर

punjabkesari.in Sunday, Oct 11, 2026 - 05:56 PM (IST)

जगराओं (चाहल): पंजाब में जगराओं के सिद्धवां बेट रोड पर गांव लीला के पास रविवार को बारिश के दौरान सेम नाले पर एक तेज रफ्तार कार और PRTC की मिनी बस के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि मिनी बस बेकाबू होकर धान के खेतों में जा घुसी। हादसे के समय बस में करीब 30 यात्री सवार थे।

राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई। बस में सवार दो यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जबकि कार चालक और कार में सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, सेम नाले पर बना पुल काफी संकरा है और बारिश के कारण सड़क पर फिसलन थी। इस जगह पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। लोगों ने प्रशासन से यहां सुरक्षा के उचित इंतजाम करने और पुल की चौड़ाई बढ़ाने की मांग की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News