Ludhiana में जोरदार धमाका: कई मकानों में आईं दरारें, इलाके में मची अफरा-तफरी

punjabkesari.in Tuesday, Oct 13, 2026 - 09:27 AM (IST)

लुधियाना(राज): महानगर के अति-व्यस्त व भीड़भाड़ वाले सराफा बाजार स्थित नलके वाली गली में सोमवार देर रात एक संदिग्ध वस्तु में आग लगाने के बाद हुए भीषण धमाके से पूरा इलाका दहल उठा। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास बने कई मकानों की दीवारों में दरारें आने की बात सामने आई है। अचानक हुए इस शक्तिशाली धमाके की आवाज सुनकर लोग दहशत में आ गए और अपने घरों से बाहर निकल आए।

गली में चारों ओर घना धुआं उठता देख स्थानीय निवासियों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-4 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना सोमवार रात करीब साढ़े दस बजे की है। रोजमर्रा की तरह सराफा बाजार की दुकानें बंद हो चुकी थीं और नलके वाली गली में सन्नाटा पसरने लगा था। तभी अचानक एक जोरदार धमाके की गूंज से पूरी गली थर्रा उठी। धमाके की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि कई इमारतों की खिड़कियां हिल गईं और कुछ घरों की दीवारों में दरारें तक पड़ गईं। धमाके के तुरंत बाद गली में सफेद धुआं भर गया। किसी बड़ी आतंकी या आपराधिक साजिश के अंदेशे से सहमे लोग तुरंत अपने घरों से बाहर निकल आए और सड़कों पर अफरातफरी का माहौल बन गया।

CCTV में कैद: फोन पर बात करते आया युवक, बमनुमा वस्तु रख लगाई आग
घटना की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-4 के प्रभारी  इंस्पेक्टर हरपाल सिंह पुलिस टीम के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध युवक की करतूत साफ कैद मिली है। फुटेज में देखा जा सकता है कि एक अज्ञात युवक कान पर फोन लगाकर बात करते हुए नलके वाली गली में दाखिल होता है। उसने एक दीवार के किनारे संदिग्ध वस्तु रखी और उसमें आग लगा दी। आग सुलगाते ही युवक तेजी से गली से बाहर भाग निकला। उसके वहां से निकलते ही चंद पलों में जोरदार धमाका हो गया।

विस्फोटक की प्रकृति और मकसद की जांच में जुटी पुलिस
एसएचओ हरपाल सिंह ने स्थानीय निवासियों और प्रत्यक्षदर्शियों से बातचीत कर उनके बयान कलमबद्ध किए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि धमाके में किस तरह की विस्फोटक सामग्री का इस्तेमाल किया गया था, इसकी फॉरेंसिक और तकनीकी जांच करवाई जा रही है। इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस वारदात के पीछे इलाके में दहशत फैलाने की मंशा थी या फिर किसी व्यापारी/निवासी से कोई आपसी रंजिश का मामला है।

फरार होने के रूट को ट्रेस कर रही टीमें, जल्द गिरफ्तारी का दावा
पुलिस की टीमें अब सराफा बाजार, घंटा घर और आसपास की संपर्क गलियों में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालने में जुटी हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि संदिग्ध युवक किस दिशा से आया था और वारदात को अंजाम देने के बाद किस वाहन या रास्ते से फरार हुआ। पुलिस का कहना है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हर एंगल से गहन पड़ताल की जा रही है और संदिग्ध आरोपी की पहचान कर उसे जल्द ही कानून के शिकंजे में ले लिया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News