PRTC बस के साथ घटा भयानक हादसा! कंडक्टर की मौत के बाद भारी हंगामा, सड़क की जाम
punjabkesari.in Wednesday, Sep 30, 2026 - 03:31 PM (IST)
दोराहा (विनायक): दोराहा में जी.टी. रोड पर मैकडोनाल्ड के पास आज तड़के करीब 5.40 बजे पी.आर.टी.सी. की बस और एक ट्राले के बीच हुई भयानक टक्कर के दौरान बस के कंडक्टर की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद ट्राला चालक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पी.आर.टी.सी. कर्मचारी यूनियन के नेताओं और कर्मचारियों द्वारा रोष प्रकट करते हुए सड़क पर जाम लगा दिया गया, जिसके कारण जी.टी. रोड पर यातायात प्रभावित हुआ।
टक्कर के बाद बस में मची अफरा-तफरी
प्राप्त जानकारी के अनुसार पी.आर.टी.सी. की बस दिल्ली से वापस आ रही थी और इसमें करीब 10 से 15 सवारियां मौजूद थीं। दोराहा के जी.टी. रोड पर मैकडोनाल्ड के पास बस की एक ट्राले से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने तुरंत मदद के लिए आगे आते हुए बस में फंसे लोगों को बाहर निकालने में सहायता की।
हादसे में बस का कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गया, लेकिन उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक जीरा-मखू क्षेत्र से संबंधित बताया जा रहा है और वह लुधियाना में ड्यूटी निभा रहा था। बताया जाता है कि मृतक अपने परिवार में अकेला कमाने वाला था और उसकी एक छोटी बच्ची भी है। इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार और जानकारों में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस अधिकारी और पी.आर.टी.सी. कर्मचारी यूनियन के नेताओं के बीच जाम को लेकर हुई बहसबाजी
हादसे की सूचना मिलने के बाद एस.आई. सतपाल सिंह, इंचार्ज पुलिस चौकी दोराहा, पुलिस टीम सहित घटनास्थल पर पहुंचे। इस दौरान पी.आर.टी.सी. कर्मचारी यूनियन के नेताओं और पुलिस अधिकारी के बीच सड़क पर जाम लगाने को लेकर बहसबाजी हो गई। यूनियन नेताओं का कहना था कि हादसे में उनके साथी की मौत हुई है और मामला बेहद गंभीर है, इसलिए ट्राला चालक को तुरंत काबू करके उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उनके द्वारा हादसे के बाद मौके पर एंबुलेंस और पुलिस के न पहुंचने के मामले को भी गंभीरता से उठाया गया और इस संबंध में जवाबदेही की मांग की गई। दूसरी ओर पुलिस द्वारा यातायात प्रभावित होने से रोकने के लिए जाम खुलवाने का प्रयास किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारी और यूनियन नेताओं के बीच कुछ समय तक तीखी बहसबाजी हुई। पुलिस द्वारा यूनियन नेताओं को मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई करने का भरोसा दिया गया।
मौके पर एंबुलेंस न पहुंचने पर भी उठे सवाल
हादसे के बाद मौके पर तुरंत एंबुलेंस न पहुंचने के कारण भी पी.आर.टी.सी. कर्मचारियों और मौके पर मौजूद लोगों द्वारा सवाल उठाए गए। यूनियन नेताओं ने कहा कि यदि किसी गंभीर हादसे की सूचना मिलने के बाद आपातकालीन चिकित्सा सहायता समय पर न मिले तो यह चिंता का विषय है। उन्होंने मांग की कि इस पहलू की भी जांच की जाए।
पुलिस ने मृतक का शव अस्पताल भेजा
पुलिस ने मौके का जायजा लेकर मृतक कंडक्टर के शव को कब्जे में लिया और अगली कानूनी कार्रवाई के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। इसके साथ ही हादसे के बाद मौके से फरार हुए ट्राला चालक की तलाश की जा रही है। हादसे के कारण जी.टी. रोड पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस द्वारा दोनों वाहनों को सड़क से हटवाने की कार्रवाई करते हुए यातायात को सुचारू करवाया गया। पुलिस द्वारा मामले में बयान दर्ज करके अगली कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

