Punjab में कल होगा Blackout, बजेंगे खतरे के सायरन, लोगों के लिए जरूरी हिदायतें जारी
punjabkesari.in Thursday, Nov 26, 2026 - 10:18 AM (IST)
चंडीगढ़/जालंधर: पंजाब में सिविल डिफेंस की तैयारियों और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की क्षमता परखने के लिए 27 नवंबर यानी कल रात 8 बजे प्रदेश के सभी जिलों में एयर रेड और ब्लैकआउट की मॉक ड्रिल करवाई जाएगी। यह अभ्यास केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार किया जा रहा है। ड्रिल की शुरुआत दो मिनट तक उतार-चढ़ाव वाली तेज आवाज में सायरन बजाकर की जाएगी।
इस दौरान डिप्टी कमिश्नरों की ओर से निर्धारित इलाकों में ब्लैकआउट किया जाएगा। इन क्षेत्रों के लोगों को गैर-जरूरी लाइटें बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि जरूरी सेवाएं जारी रहेंगी। अभ्यास के अंत में दो मिनट तक लगातार सायरन बजाकर 'ऑल क्लियर' का संकेत दिया जाएगा। मॉक ड्रिल के दौरान आग बुझाने, खोज एवं बचाव अभियान, प्राथमिक उपचार, घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने तथा ट्रैफिक और भीड़ को नियंत्रित करने का अभ्यास भी किया जाएगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यह एक नियमित मॉक ड्रिल है। इसलिए सायरन की आवाज सुनकर घबराने की जरूरत नहीं है।

