पुलिस की कार्रवाई, नशे का सेवन कर रहे 5 व्यक्तियों को किया गिरफ्तार
punjabkesari.in Saturday, Mar 21, 2026 - 05:15 PM (IST)
नवांशहर (त्रिपाठी): पुलिस ने 4 विभिन्न मामलों में नशे का सेवन कर रहे 5 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। थाना सदर नवांशहर के अधीन पड़ती पुलिस चौंकी जाडला की इंचार्ज ए.एस.आई. अमरजीत कौर ने जानकारी देते हुए बताया कि उनकी पुलिस पार्टी दौरान गश्त संदिग्ध लोगों तथा वाहनों की तालाश में चौंकी जाडला से गांव सनावा नहर के साथ साथ मेन हाइवे की साईड जा रही थी। जब उनकी पुलिस पार्टी गांव सनावा के शमशानघाट के नजदीक पहुंची तो शमशानघाट में एक व्यक्ति संदिग्ध हालातों में बैठा दिखाई दिया। वह लाईटर जगाकर किसी चीज का सेवन कर रहा था।
ए.एस.आई. ने बताया कि उक्त व्यक्ति को पुलिस कर्मचारियों की मदद से काबू करके उससे सिल्वर पेपर की पन्नी हेरोइन लगी, एक लाईटर तथा 10 रुपए का पाईप नुमा नोट बरामद किया है। थानेदार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित की पहचान बब्बी पुत्र केसर राम निवासी गांव लंगडोआ के तौर पर हुई है। थानेदार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पर पहले भी एन.डी.पी.एस. तथा एक्साईज एक्ट के 20 मामले दर्ज है।
इसी तरह से थाना मुकंदपुर की पुलिस ने नशे का सेवन कर रहे 2 व्यक्तियों को गिरफ्तार करके उनसे एक लाईटर, हेरोइन अलूद पन्नी तथा 10 रुपए का पाईप नुमा नोट बरामद किया है। एस.एच.ओ. इंस्पेक्टर महिन्दर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रणजीत सिंह उर्फ राणा पुत्र मेजर सिंह निवासी गांव हकीमपुर थाना मुकंदपुर के तौर पर हुई है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रणजीत सिंह के खिलाफ पहले भी एन.डी.पी.एस. तथा लड़ाई झगड़े के 4 मामले दर्ज है।
इसी तरह से थाना सिटी बलाचौर की पुलिस ने नशे का सेवन कर रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार करके उससे एक पन्नी, एक लाईटर तथा 10 रुपए का पाईप नुमा नोट बरामद किया है। पुलिस के जांच अधिकारी ए.एस.आई. संजीव कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान नवजोत सिंह उर्फ जोत पुत्र जरनैल सिंह निवासी गांव मजारा थाना बलाचौर के तौर पर की है।
एक अन्य मामले में थाना काठगढ़ की पुलिस ने नशे का सेवन कर रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के जांच अधिकारी ए.एस.आई. संदीप कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान महेश कुमार उर्फ मोहित बैंस पुत्र साधू राम निवासी बलाचौर के तौर पर हुई है। पुलिस ने बताया कि उपरोक्त मामलों में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में एन.डी.पी.एस. तहत पुलिस मामले दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

