लगातार बढ़ रही गर्मी के मद्देनजर नवांशहर में एडवाइजरी जारी
punjabkesari.in Tuesday, May 19, 2026 - 04:29 PM (IST)
नवांशहर (त्रिपाठी): स्वास्थ्य विभाग ने गर्मी के मौसम में लगातार बढ़ते तापमान और गर्मी के कारण उत्पन्न होने वाले स्वास्थ्य खतरों से बचाव के संबंध में एक स्वास्थ्य एडवाइजरी जारी की है। सिविल सर्जन डॉ. गुरिंदरजीत सिंह ने कहा कि गर्मी के मौसम में हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और अन्य मौसमी बीमारियों के मामले बढ़ सकते हैं। इस स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं ताकि प्रभावित मरीजों को तत्काल और उचित चिकित्सा सहायता प्रदान की जा सके।
उन्होंने कहा कि गर्म हवाओं और तेज धूप से बचने के लिए लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए। यदि बाहर जाना बहुत जरूरी हो तो सिर को कपड़े, टोपी या छाते से ढक लेना चाहिए। इसके अलावा हल्के रंग के ढीले और सूती कपड़े पहनने चाहिए ताकि शरीर का तापमान संतुलित रहे। डॉ. सिंह ने कहा कि गर्मी के मौसम में हर आधे घंटे के बाद पानी पीना बहुत जरूरी है, भले ही आपको प्यास न लगी हो। उन्होंने कहा कि लोगों को खुद को हाइड्रेटेड रखने के लिए ओ.आर.एस. घोल, लस्सी, नींबू पानी, नारियल पानी और अन्य तरल पदार्थों का उपयोग करना चाहिए।
इस संबंध में जिला महामारी विशेषज्ञ डॉ. राकेश पाल ने बताया कि मौसम संबंधी जानकारी के लिए लोग रेडियो, टीवी, समाचार पत्र और मोबाइल ऐप की मदद ले सकते हैं। उन्होंने लोगों से स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी हिदायतों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति को गर्मी के कारण तेज बुखार, चक्कर आना, बेहोशी या घबराहट महसूस हो तो उसे स्वयं दवा लेने के बजाय तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल से संपर्क करना चाहिए।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

