नगर निगम में लगने लगा कमिश्नर दरबार, मेयर दफ्तर को जड़ा ताला

punjabkesari.in Tuesday, Jan 24, 2023 - 11:42 AM (IST)

पटियाला : नगर निगम के जनरल हाऊस का कार्यकाल समाप्त होने के बाद अब निगम ऑफिस में कमिश्नर दरबार लगना शुरू हो गया है। कमिश्नर राज के पहले दिन जहां निगम कमिश्नर आदित्य उप्पल ने सुबह 9.00 बजे से लेकर 5.00 बजे तक दफ्तर में बैठ कर लोगों की समस्याएं सुनी, वहीं 5.00 बजे के बाद उन्होंने शहर के विभिन्न इलाकों का दौरा कर विकास कार्यों का जायजा लिया।

कमिश्नर ने ऐलान किया कि शहर के लोगों की समस्याओं का हल की जाएंगी और विकास कार्य तुरंत मंजूर किए जाएंगे। कमिश्नर अपने दफ्तर में अपने साथ निगम के सुपरिंटैंडैंट इंजीनियर (एस.ई.) रजिन्द्र चोपड़ा, एक्सीईएन व अपने निजी स्टाफ को लेकर बैठे और जोे भी लोग अपने-अपने इलाके की समस्याएं लेकर आए, उनकी प्रोसीडिंग तैयार करवाई। कमिश्नर ने मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस संबंधी एस्टीमेट्स बना कर टैंडर लगाए जाएं।

नगर निगम के वार्ड नंबर 38 व वार्ड नंबर 47 के 2 बड़े डैपूटेशन निगम कमिश्नर के पास अपने इलाके की समस्याओं को लेकर आए। कमिश्नर ने मौके पर ही आदेश किए कि वार्ड नंबर 38 में सीवरेज ब्लॉकेज समस्या को तुरंत ठीक करवाया जाए। इसके साथ ही वहां पर पड़े मलबे को उठवा दिया जाए। मौके पर ही संबंधित ब्रांच के अधिकारियों को फोन कर यह काम करके रिपोर्ट करने को कहा गया।

इसी तरह वार्ड नंबर 47 के इंचार्ज दया राम निर्वाण ने अपने इलाके 2 गलियों के बनाने की मांग की वहां पर नालियों की समस्याओं बारे बात की। उनकी समस्याओं को भी कमिश्नर ने हल करने के लिए निगम एस.ई. को आदेश जारी किए।

एक अलग रजिस्ट्र लगा कर वार्डवाइज शिकायतें व डिमांड नोट करने के जारी किए आदेश

कमिश्नर आदित्य उप्पल ने अपने निजी स्टाफ को आदेश दिए कि जो भी लोग उनके पास अपने इलाके के विकास कार्यों की डिमांड या कोई समस्या लेकर आते हैं, उस संबंधी एक अलग रजिस्टर लगाया जाए। इस रजिस्टर में वार्ड वाइज शिकायतें व लोगों की डिमांड दर्ज की जाएं। जो भी लोग अपनी समस्याएं लेकर आते हैं, उनकी नाम व फोन नंबर नोट किए जाएं व उनको निगम दफ्तर से फोन करके उनकी कार्य संबंधी अपडेट किया जाए।

कमिश्नर ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों को किसी भी तरह की समस्या न आने दी जाए। इसके साथ ही उन्होंने सांय 3.00 बजे शहर के विकास कार्यों संबंधी विशेष मीटिंग की।

आम आदमी पार्टी के वार्ड इंचार्ज निभाएंगे पार्षदों की भूमिका

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक नगर निगम के जनरल हाउस का कार्यकाल पूरा होने के बाद अब निगम प्रशासन शहर के साथ वार्डों में आम आदमी पार्टी के उन चेहरों को तवज्जो देगा जोकि पार्टी की तरफ से वार्ड इंचार्ज बनाए हुए हैं। अब आम आदमी पार्टी के वार्ड इंचार्ज ही पार्षदों की भूमिका निभाएंगे। उनके कहने पर ही सभी एस्टीमेट्स बनेंगे और विकास कार्य होंगे। पार्टी ऐसा करके प्रत्येक वार्ड में अपने संभावित उम्मीदवारों को लांच करने का कार्यक्रम बना चुकी है। कमिश्नर राज के पहले दिन जो भी वार्ड इंचार्ज निगम दफ्तर में पहुंचे, उन्हें इस तरह का पार्षद की तरह ही मान सम्मान मिलता दिखाई दिया।

सूत्रों के मुताबिक कमिश्नर ने भी निगम अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे आम आदमी पार्टी के वार्ड इंचार्जों को विशेष तवज्जों दें। आम आदमी पार्टी के वालंटियर मेयर का कार्यकाल खत्म होने बेहद खुश हैं। अब पूरी तरह से नगर निगम पर आम आदमी पार्टी की सरकार का कब्जा हो गाया है और उनके मुताबिक ही सभी विकास कार्य होंगे।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Recommended News

Related News