ज्वाइंट चैक पोस्ट पर लगाया 100 फुट का तिरंगा
punjabkesari.in Saturday, Feb 11, 2017 - 11:27 AM (IST)

अमृतसर(नीरज): नगर सुधार ट्रस्ट की तरफ से ज्वाइंट चैक पोस्ट अटारी में 300 फुट ऊंचा देश का सबसे ऊंचा तिरंगा लगाने का काम अभी अधूरा ही है, लेकिन लैंड पोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने आई.सी.पी. अटारी (इंटैग्रेटेड चैक पोस्ट) पर 100 फुट ऊंचा तिरंगा लगा दिया है। जानकारी के अनुसार आई.सी.पी. के पैसेंजर्स टर्मिनल के पास इस तिरंगे को लगाया गया है और यह भी पाकिस्तान से नजर आता है। पता चला है कि बजाज इलैक्ट्रिकल्स कंपनी की तरफ से एल.पी.ए.आई. के सौजन्य से यह तिरंगा लगाया गया है। इस तिरंगे की देख-रेख का काम बी.एस.एफ. करेगी, क्योंकि एल.पी.ए.आई. के पास स्टॉफ नहीं है।
दूसरी तरफ आई.सी.पी. के अन्दर देश का सबसे ऊंचा तिरंगा लगाने के काम में हो रही देरी कई सवाल पैदा कर रही है, क्योंकि इस प्रोजैक्ट को जनवरी 2017 में पूरा किए जाने का लक्ष्य था और कैबिनेट मंत्री अनिल जोशी ने इस मामले में बड़ी गंभीरता से लिया था, लेकिन अब तो चुनाव भी हो चुके हैं, आखिर इस काम में क्यों इतनी देरी की जा रही है जबकि 300 फुट ऊंचा तिरंगा अमृतसर ही नहीं, बल्कि पूरे पंजाब की शान को बढ़ाएगा।