...लो अब 16 वर्षीय लड़के के बाल कटे
punjabkesari.in Monday, Aug 14, 2017 - 08:11 AM (IST)

अमृतसर (कक्कड़) : अनेक राज्यों में महिलाओं के बाल कटने की अनेक घटनाएं सामने आ चुकी हैं। विगत दिवस झब्बाल रोड के अड्डा फताहपुर के नजदीक सतनाम नगर में एक 18 वर्षीय लड़की के बाल कट गए थे, उसी क्षेत्र में अब 16 वर्षीय लड़के अजीत सिंह जो 10वीं का छात्र है, के गत रात्रि बाल कटने की सूचना मिली है।
यह लड़का रात्रि में सिर पर कपड़ा बांध कर सोया था और लड़के की मां को सुबह 6 बजे पता चला कि उसके बेटे के बाल कट गए हैं। इस क्षेत्र में बाल कटने की यह तीसरी घटना है जिससे लोग भारी दहशत में हैं। उल्लेखनीय है कि विगत दिवस उक्त क्षेत्र में जिस लड़की के बाल कटे थे, आज दोपहर उसी लड़की के बाल पुन: कट गए, प्रभावित लड़की उक्त घटना के बाद बेहोश हो गई। जानकारी के अनुसार झब्बाल रोड के क्षेत्र सतनाम नगर में बाल कटने की यह तीसरी घटना है।
लोगों ने रात को ठीकरी पहरा लगाना किया शुरू
क्षेत्र वासियों ने अपने घर के द्वार पर बुरी आत्मा या जादू टोने आदि से बचने के लिए नीम के पत्ते, नींबू, मिर्च का सुरक्षा चक्र बनाया था, जोकि निष्फल रहा है। घटनाओं में वृद्धि से लोग दहशत में हैं। वहीं इस क्षेत्र के लोगों ने रात में ठीकरी पहरा देना शुरु किया है, लेकिन बाल कटने की घटनाओं का रहस्योद्घाटन नहीं हो सका है। वहीं जिसके बाल कटते हैं, उसे मालूम भी नहीं होता है कि उसके बाल कटे रहे हैं। इसकी दहशत बढ़ती जा रही है।
बाल काटने का जिम्मेदार कौन?
बाल काटने के लिए सोशल मीडिया पर किसी कीड़े को जिम्मेदार माना जा रहा है, लेकिन सच्चाई का अभी तक पता नहीं चला है। लोगों में भ्रम ही बना हुआ है। बाल कटने से लोगों में दहशत बढ़ती जा रही है। इस विषय पर बच्चों द्वारा किए जा रहे सवालों का जवाब दे पाने में अभिभावक असमर्थ हैं।