प्रॉपर्टी किराए पर लेकर रचा बड़ा खेल, महिला को लगाया 2 करोड़ से ज्यादा का चूना

punjabkesari.in Tuesday, Apr 07, 2026 - 03:05 PM (IST)

लुधियाना (राज): बीआरएस नगर में एक महिला के साथ करोड़ों रुपये की ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। शातिर ठगों ने न केवल महिला की कीमती प्रॉपर्टी को किराए पर लेकर किराया डकारा, बल्कि व्यापार में निवेश के नाम पर उनसे 2 करोड़ 1 लाख रुपये से अधिक की रकम भी हड़प ली। पुलिस ने नमिता सचदेवा की शिकायत पर जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ साजिश रचने, धोखाधड़ी करने और अमानत में ख्यानत का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान हरियाणा के गुडगांव के निखिल स्याल और होशियारपुर की रमनदीप कौर है। 

शिकायतकर्ता नमिता सचदेवा ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि आरोपियों ने एक सोची-समझी साजिश के तहत उनसे संपर्क किया और बीआरएस नगर के एफ-ब्लॉक, दुर्गा माता मंदिर के पास स्थित उनकी प्रॉपर्टी का बेसमेंट फ्लोर (करीब 7500 वर्ग गज कारपेट एरिया) किराए पर लिया। प्रॉपर्टी पर कब्जा करने के बाद आरोपियों ने किराया देने में आनाकानी शुरू कर दी। 

इसी बीच आरोपियों ने पीड़िता को अपनी चिकनी-चुपड़ी बातों में फंसाया और कारोबार में पैसा निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का लालच दिया। ठगों के झांसे में आकर नमिता सचदेवा ने अलग-अलग तारीखों में कुल दो करोड़ एक लाख चालीस रुपये आरोपियों की कंपनियों के खातों में ट्रांसफर कर दिए। दोनों पक्षों के बीच यह लिखित करार हुआ था कि यह पूरी रकम 24 महीनों के भीतर वापस कर दी जाएगी। लेकिन तय समय सीमा बीत जाने के बाद भी जब न तो मुनाफा मिला और न ही मूल रकम वापस आई, तो पीड़िता को ठगी का अहसास हुआ। पुलिस तफ्तीश में खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने मिलीभगत कर नमिता के करोड़ों रुपये अपनी निजी जरूरतों को पूरा करने के लिए इस्तेमाल कर लिए। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और उनके बैंक खातों की भी जांच की जा रही है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News