Punjab : रिश्वत लेते ASI रंगे हाथों गिरफ्तार, विजिलेंस का बड़ा एक्शन

punjabkesari.in Sunday, Mar 29, 2026 - 07:18 PM (IST)

लुधियाना (गौतम) : पंजाब विजिलेंस ब्यूरो (VB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एएसआई लखविंदर सिंह को 15,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी लखविंदर सिंह पुलिस पोस्ट किचलू नगर, थाना पीएयू लुधियाना में इंचार्ज के पद पर तैनात था। इस संबंध में जानकारी देते हुए विजिलेंस ब्यूरो के एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि यह गिरफ्तारी लुधियाना जिले के नूरवाला रोड स्थित बैंक कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति की शिकायत के आधार पर की गई है।

उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता के खिलाफ एक मामला दर्ज था, जिसकी जांच आरोपी एएसआई लखविंदर सिंह कर रहा था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि एएसआई ने उसकी बहन और मां को केस में फंसाने से बचाने के बदले 30,000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने की पूरी बातचीत रिकॉर्ड कर ली थी।

रिश्वत देने के इच्छुक न होने पर शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो रेंज लुधियाना से संपर्क किया। प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया, जिसके दौरान आरोपी एएसआई को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में 15,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।

इस संबंध में विजिलेंस ब्यूरो थाना लुधियाना में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News