विजीलैंस ट्रैप में फंसे PSPCL अधिकारी! रिश्वत लेते 2 SDO और क्लर्क गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, May 15, 2026 - 07:35 PM (IST)

लुधियाना (अनिल): पंजाब विजीलैंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम के दौरान पीएसपीसीएल दफ्तर लुधियाना में तैनात एसडीओ जसकंवरप्रीत सिंह, एसडीओ श्रुति शर्मा और क्लर्क आशु को 10,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए राज्य विजीलैंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपियों को प्रिंस निजावन द्वारा दर्ज करवाई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। प्रवक्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता सोलर सिस्टम लगाने का काम करता है। उसने अलग-अलग स्थानों पर दो सोलर सिस्टम लगाए थे। पीएसपीसीएल द्वारा इन सोलर सिस्टमों का निरीक्षण किया जाना था और इसके बाद उन पर मीटर लगाए जाने थे।

आरोप है कि एसडीओ जसकंवरप्रीत सिंह, एसडीओ श्रुति शर्मा और क्लर्क आशु ने निरीक्षण और अनुमान रिपोर्ट तैयार करने के बदले प्रत्येक फाइल के लिए 10,000 रुपये, यानी दो फाइलों के लिए कुल 20,000 रुपये रिश्वत की मांग की।

शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने विजीलैंस ब्यूरो की आर्थिक अपराध शाखा, लुधियाना से संपर्क किया। शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद विजीलैंस टीम ने जाल बिछाया। इस दौरान आरोपियों को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से 10,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। इस संबंध में आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत विजीलैंस ब्यूरो की आर्थिक अपराध शाखा, लुधियाना में मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News