विजिलेंस का सख्त Action: महिला BDPO रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
punjabkesari.in Wednesday, May 06, 2026 - 07:29 PM (IST)
लुधियाना (राज/अनिल): पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी सर्जिकल स्ट्राइक जारी रखते हुए लुधियाना के ब्लॉक मलौद में तैनात महिला अधिकारी पर शिकंजा कसा है। विजिलेंस की टीम ने बीडीपीओ (ब्लॉक विकास एवं पंचायत अधिकारी) सुखजीत कौर को 15,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
मामला जिला लुधियाना के गांव सोहियां से जुड़ा है। यहां के एक निवासी ने विजिलेंस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि गांव की गलियों में इंटरलॉक टाइलें लगाने और ड्रेन का काम पूरा हो चुका था। जब इन कामों के बिल पास करवाने के लिए बीडीपीओ सुखजीत कौर से संपर्क किया गया, तो उन्होंने मदद करने के बजाय 15,000 रुपये की मांग कर डाली। मजबूरी में शिकायतकर्ता को 5,000 रुपये उसी समय देने पड़े, लेकिन बीडीपीओ का लालच यहीं नहीं रुका और उन्होंने बाकी के 10,000 रुपये भी जल्द देने का दबाव बनाया।
हद तो तब हो गई जब गांव के खेल मैदान को लेकर भी रिश्वत की डिमांड की गई। कार्यकारी इंजीनियर लुधियाना के निर्देशों पर ग्राम पंचायत ने अपने खर्चे पर खेल मैदान की जमीन को समतल करवाया था। जब इस काम और वहां घास-पौधे लगाने के बिल पास करने की बारी आई, तो आरोपी अधिकारी ने फिर से 15,000 रुपये की मांग की। इस बार जागरुक ग्रामीण ने पूरी बातचीत को अपने फोन में रिकॉर्ड कर लिया और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए विजिलेंस ब्यूरो लुधियाना यूनिट से संपर्क साधा।
शिकायत की पुख्ता जांच के बाद विजिलेंस की टीम ने फिल्मी अंदाज में जाल बिछाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने सरकारी गवाहों की मौजूदगी में बीडीपीओ सुखजीत कौर को 15,000 रुपये थमाए, विजिलेंस टीम ने उन्हें रंगे हाथों दबोच लिया। प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी महिला अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत लुधियाना थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस अधिकारी की संपत्ति और अन्य फाइलों की भी गहनता से जांच कर रही है ताकि भ्रष्टाचार की जड़ों तक पहुंचा जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

