पुलिस की बड़ी कार्रवाई; हथियारों के बल पर लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 4 बदमाश हथियारों और कार समेत काबू

punjabkesari.in Friday, May 01, 2026 - 09:21 AM (IST)

लुधियाना (राज): कमिश्नरेट पुलिस ने शहर में राहगीरों को डरा-धमका कर लूटने और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर गिरोह को दबोचने में बड़ी सफलता हासिल की है। थाना फोकल प्वाइंट की पुलिस ने घेराबंदी कर इस गिरोह के 4 सदस्यों को घातक हथियारों और एक कार के साथ गिरफ्तार किया है, जबकि इनका एक साथी भागने में सफल रहा जिसकी तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार, सब-इंस्पेक्टर निर्मल सिंह की अगुवाई में पुलिस पार्टी बीते 30 अप्रैल को डिस्पोजल चौक, फेज-5 फोकल प्वाइंट के पास मौजूद थी।

सुनसान खाली प्लॉट पर पुलिस ने की रेड
 इसी दौरान पुलिस को मुखबिर खास से पुख्ता सूचना मिली कि गगनदीप सिंह, याहूना उर्फ रोहित, करनदीप सिंह, अर्जुन सिंह और बिल्ला नाम के युवकों ने मिलकर अपना एक गैंग बनाया हुआ है। ये आरोपी सफेद रंग की हुंडई एक्सेंट कार (PB-10-CA-8953) में सवार होकर लुधियाना के अलग-अलग इलाकों में आते-जाते राहगीरों को हथियारों के बल पर निशाना बनाते हैं। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए आर.एंड.डी कॉलेज, फेज-5 फोकल प्वाइंट के पीछे स्थित एक सुनसान खाली प्लॉट पर रेड की। 

आरोपियों से पूछताछ जारी 
वहां उक्त कार खड़ी थी जिसमें आरोपी सवार थे। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी की और कार में बैठे गगनदीप सिंह, याहूना, करनदीप सिंह और अर्जुन सिंह को काबू कर लिया। हालांकि, उनका पांचवा साथी 'बिल्ला' अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा। पकड़े गए आरोपियों की तलाशी लेने पर पुलिस को उनके पास से एक खंडा, लोहे की गंडासी, लोहे का दातर और एक एमआई (MI) कंपनी का मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल होने वाली हुंडई एक्सेंट कार को भी कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, जिससे कई अन्य लूट और चोरी की वारदातों के सुलझने की उम्मीद है। फरार आरोपी बिल्ला की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News