विदेश में बैठे गैंगस्टर के इशारे पर रंगदारी की बड़ी साजिश नाकाम, लुधियाना क्राइम ब्रांच ने 4 खूंखार गुर्गे दबोचे
punjabkesari.in Monday, Jun 15, 2026 - 05:01 PM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर में बड़ी वारदातों को अंजाम देकर दहशत फैलाने वाले एक अंतरराज्यीय क्रिमिनल सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए लुधियाना पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने विदेश में बैठकर गैंग चला रहे गैंगस्टर के इशारे पर पंजाब में रंगदारी (फिरौती) और हथियारों की तस्करी करने वाले निमित गैंग के 4 मुख्य गुर्गों को भारी मात्रा में नाजायज असला, जिंदा कारतूस और करोड़ों रुपए की हेरोइन समेत गिरफ्तार किया है। यह शातिर अपराधी लुधियाना के एक बड़े कारोबारी पर गोलियां चलाकर मोटी रकम वसूलने की ताक में थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने जाल बिछाकर इन्हें दबोच लिया।
पुलिस कमिश्नर कुलदीप सिंह चाहल (आईपीएस) द्वारा समाज विरोधी तत्वों और नशा तस्करों के खिलाफ चलाई जा रही विशेष मुहिम के तहत डीसीपी (इन्वेस्टिगेशन) हरपाल सिंह, एडीसीपी (इन्वेस्टिगेशन) अमनदीप सिंह बराड़ और एसीपी (डिटेक्टिव-2) दीपिंदर सिंह के दिशा-निर्देशों पर क्राइम ब्रांच के इंचार्ज इंस्पेक्टर नवदीप सिंह की अगुवाई में पुलिस पार्टी पखोवाल रोड पर ओमैक्स फ्लैट्स के पास गश्त और चेकिंग पर तैनात थी। इसी दौरान इंस्पेक्टर नवदीप सिंह को एक बेहद खास मुखबिर ने गुप्त सूचना दी कि अभिजीत सिंह उर्फ मंड, मानिया साहनी, अंकुश यादव, सुखमन सिंह, युवराज सिंह उर्फ हरमन और निमित शर्मा ने मिलकर अपना एक खूंखार आपराधिक संगठन (गैंग) बनाया हुआ है।
पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि इस गैंग का सरगना निमित शर्मा इस वक्त विदेश (विदेश की धरती) में बैठकर इंटरनेट के जरिए गैंग को ऑपरेट कर रहा है। निमित के इशारे पर ये सभी आरोपी लुधियाना और पंजाब के अलग-अलग शहरों में बड़े व्यापारियों को जान से मारने की धमकियां देकर मोटी फिरौती वसूलते हैं और खौफ पैदा करने के लिए उनके घरों या दफ्तरों पर फायरिंग भी करते हैं। इसके अलावा, यह गैंग बॉर्डर एरिया (अमृतसर सीमा) से भारी मात्रा में अवैध हथियार और हेरोइन मंगवाकर पंजाब के कई जिलों में सप्लाई करता है। गैंग ने अपना नाम निमित गैंग रखा हुआ है।
पुलिस को पुख्ता इनपुट मिला था कि ये आरोपी किसी बड़े कारोबारी पर जानलेवा हमला करने की फिराक में हैं और इनके कुछ साथी अमृतसर बॉर्डर से हथियारों की खेप लेकर आए हैं, जो आज रात लुधियाना में इक_ा होकर किसी बड़ी खूनी वारदात को अंजाम देने वाले हैं। इन सभी आरोपियों पर पहले भी कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर नवदीप सिंह ने तुरंत एक्शन लिया और थाना सदर लुधियाना में नए कानून भारतीय न्याय संहिता की धारा 111(1), 111(2) [संगठित अपराध], 351(3), 308(2), एनडीपीएस एक्ट की धारा 21/29-61-85 और आम्र्स एक्ट के तहत मुकदमा नंबर 149 दर्ज कर जाल बिछाया।
क्राइम ब्रांच की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी करके गैंग के 4 आरोपियों—अभिजीत सिंह उर्फ मंड (निवासी दुगरी), मानिया साहनी (निवासी जवाहर नगर कैंप), सुखमन सिंह उर्फ मि_ू (निवासी दुगरी) और अंकुश यादव (निवासी दुगरी) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक .32 बोर की पिस्तौल, 3 जिंदा कारतूस, मैगजीन, 300 ग्राम कमर्शियल मात्रा की हेरोइन और वारदात में इस्तेमाल होने वाली एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार बरामद की है। पुलिस अब इन चारों आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल कर रही है ताकि इनसे पूछताछ कर विदेश में बैठे निमित शर्मा और इनके अन्य साथियों (युवराज उर्फ हरमन) के ठिकानों का पता लगाया जा सके और आने वाले दिनों में कई और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

