लुधियाना में लड़कियों के लापता होने की खबरों को लेकर बड़ी अपडेट, लोगों से की जा रही अपील
punjabkesari.in Thursday, Jun 04, 2026 - 04:31 PM (IST)
लुधियाना (गणेश/सचिन): सोशल मीडिया पर लुधियाना से लगातार लड़कियों के लापता होने संबंधी वायरल हो रही खबरों के बीच पुलिस कमिश्नरेट लुधियाना ने स्थिति स्पष्ट करते हुए लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। एडीसीपी (ऑपरेशन) रमनदीप सिंह भुल्लर ने कहा कि पुलिस के संज्ञान में आए प्रत्येक मामले में तत्काल कार्रवाई की गई है और कई मामलों में सफलता भी मिली है।
उन्होंने बताया कि मई महीने के दौरान पुलिस कमिश्नरेट लुधियाना में नाबालिग लड़कियों के लापता होने के लगभग 10 मामले दर्ज किए गए हैं। इन मामलों की सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस और विशेष टीमों को सक्रिय कर जांच शुरू कर दी गई थी। पुलिस हर मामले की गहनता से जांच कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि संबंधित लड़की किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा ले जाई गई है या फिर वह अपनी मर्जी से कहीं गई है।
एडीसीपी भुल्लर ने कहा कि सोशल मीडिया पर कुछ लोग तथ्यों की पुष्टि किए बिना यह प्रचारित कर रहे हैं कि शहर में लगातार लड़कियां रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो रही हैं, जिससे लोगों में भय और भ्रम का माहौल बन रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस प्रत्येक मामले को गंभीरता से लेते हुए लगातार कार्रवाई कर रही है और कई मामलों में लड़कियों को सुरक्षित बरामद भी किया जा चुका है।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि मुकदमा नंबर 130, थाना जमालपुर, दिनांक 29 मई 2026 के तहत तीन लड़कियों के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। जांच के दौरान लुधियाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों लड़कियों को उत्तर प्रदेश उनके जदी गांव से बरामद कर लिया। कानूनी प्रक्रिया और पहचान संबंधी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें उनके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया है।
एडीसीपी ने कहा कि शेष मामलों में भी पुलिस की टीमें लगातार तलाश अभियान चला रही हैं। तकनीकी संसाधनों और विभिन्न राज्यों की पुलिस के सहयोग से लापता लड़कियों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही अन्य लड़कियों को भी सुरक्षित ट्रेस कर उनके परिवारों के हवाले कर दिया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अपुष्ट जानकारी को सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें और किसी भी सूचना के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें। उन्होंने कहा कि लुधियाना पुलिस सभी मामलों पर पैनी नजर बनाए हुए है और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जा रही।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

