लुधियाना में हेरोइन के बाद अब नशीली गोलियों का कहर, पुलिस ने दबोचा नशा तस्कर
punjabkesari.in Tuesday, Jun 16, 2026 - 10:04 AM (IST)
लुधियाना (राज): नशा तस्करों के खिलाफ चलाई जा रही विशेष मुहिम के तहत लुधियाना पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक संदिग्ध युवक को काबू कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में नशीली गोलियां बरामद की हैं। पकड़ा गया आरोपी इलाके में युवाओं को नशा सप्लाई करने की फिराक में घूम रहा था।
मामले की जानकारी देते हुए सब-इंस्पेक्टर (S.I.) जितेंद्र कुमार ने बताया कि 15 जून को वह अपनी पुलिस पार्टी और तफ्तीशी किट के साथ गश्त व संदिग्धों की चेकिंग के संबंध में गांव हुसैनपुरा के नजदीक अमन विहार कॉलोनी के पास मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस पार्टी को सामने से एक संदिग्ध व्यक्ति पैदल आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस की गाड़ी को सामने देखकर आरोपी घबरा गया और पीछे मुड़कर तेजी से भागने की कोशिश करने लगा।
आरोपी की संदिग्ध हरकतों को देखते हुए पुलिस पार्टी ने मुस्तैदी दिखाई और घेराबंदी करके उसे मौके पर ही दबोच लिया। कानून के मुताबिक जब पुलिस टीम द्वारा उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से 70 नशीली गोलियां बरामद हुईं। आरोपी की पहचान राम कुमार उर्फ के रूप में हुई है। पुलिस ने नशीली गोलियों को कब्जे में लेकर आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। थाना सलेम टाबरी की पुलिस आरोपी के खिलाफ एन.डी.पी.एस. एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। अब पुलिस आरोपी का रिमांड हासिल कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह यह नशीली गोलियां कहां से लेकर आया था और आगे किसे सप्लाई करने जा रहा था।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

