बिना पर्ची MTP किट बेचने वाले मेडिकल स्टोर पर Raid, विभाग ने जाल बिछाकर किया रंगे हाथों काबू
punjabkesari.in Tuesday, May 12, 2026 - 07:26 PM (IST)
लुधियाना (राज): शहर में अवैध दवाइयों के कारोबार और नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले मेडिकल स्टोर संचालकों के खिलाफ ड्रग्स कंट्रोल विभाग ने बड़ा एक्शन लिया है। लुधियाना के डिप्टी कमिश्नर के सख्त निर्देशों के बाद विभाग की टीम ने हैबोवाल कलां के रघुबीर पार्क इलाके में छापेमारी कर एमटीपी (MTP) किटों की अवैध बिक्री का भंडाफोड़ किया है।
इस पूरी कार्रवाई को ड्रग्स कंट्रोल अधिकारी (लुधियाना-3) नवदीप संधू के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके का एक मेडिकल स्टोर नियमों को ताक पर रखकर बिना डॉक्टर की पर्ची के संवेदनशील दवाइयां बेच रहा है। मामले की सच्चाई जानने के लिए विभाग ने एक 'फर्जी ग्राहक' (डिकॉय) तैयार कर उक्त मेडिकल स्टोर पर भेजा।
न बिल, न पर्ची: मौके पर ही पकड़ी गई बड़ी धांधली
जैसे ही फर्जी ग्राहक ने मेडिकल स्टोर से एमटीपी किट की मांग की, स्टोर संचालक ने बिना किसी डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन और बिना सेल बिल जारी किए उसे किट थमा दी। ड्रग्स विभाग की टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर रंगे हाथों पकड़ लिया। जांच के दौरान स्टोर संचालक एमटीपी किट के स्टॉक का खरीद रिकॉर्ड भी पेश नहीं कर सका, जो कि 'ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट-1940' के तहत अनिवार्य है।
होगी सख्त कार्रवाई: विभाग की चेतावनी
ड्रग्स कंट्रोल अधिकारी नवदीप संधू ने बताया कि फर्म द्वारा किए गए इस गंभीर उल्लंघन की विस्तृत रिपोर्ट मौके पर ही तैयार कर ली गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों और संवेदनशील दवाओं का अवैध व्यापार करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त से सख्त कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी ऐसे औचक निरीक्षण जारी रहेंगे और जो भी मेडिकल स्टोर बिना रिकॉर्ड या बिना पर्ची के दवाइयां बेचता पाया गया, उसका लाइसेंस रद्द करने के साथ-साथ कानूनी शिकंजा भी कसा जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

