Ludhiana : फूड सेफ्टी विभाग की बड़ी कार्रवाई, ₹230 किलो में बेचा जा रहा था नकली पनीर
punjabkesari.in Friday, Jun 12, 2026 - 10:51 PM (IST)
लुधियाना, (सहगल): फूड सेफ्टी टीम ने आज बड़ी कार्रवाई करते हुए दुगरी रोड स्थित गांव महमूदपुरा में किराए के मकान से संचालित की जा रही एक संदिग्ध पनीर सप्लाई इकाई पर छापेमारी की। यह कार्रवाई सिविल सर्जन डॉ. रमणदीप कौर की निगरानी में तथा जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष चावला के नेतृत्व में की गई। जांच के दौरान टीम को पता चला कि संबंधित व्यक्ति गांव में किराए का मकान लेकर लगभग ₹230 प्रति किलोग्राम की दर से पनीर की सप्लाई कर रहा था।
फूड सेफ्टी टीम ने मौके से करीब 180 किलोग्राम पनीर जब्त किया। पनीर की गुणवत्ता और सुरक्षा की जांच के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत सैंपल एकत्र किए गए हैं, जिन्हें परीक्षण हेतु सरकारी खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जाएगा। डॉ. आशीष चावला ने कहा कि यदि प्रयोगशाला रिपोर्ट में पनीर निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया जाता है तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी उन्होंने कहा, "मिलावटखोरी, अवैध तरीके से खाद्य पदार्थों की तैयारी अथवा बिना अनुमति सप्लाई करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की रक्षा के लिए ऐसे अभियान भविष्य में भी लगातार चलाए जाएंगे।"
फूड सेफ्टी विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे खाद्य पदार्थ केवल अधिकृत और विश्वसनीय स्रोतों से ही खरीदें तथा किसी भी संदिग्ध खाद्य गतिविधि की सूचना तुरंत विभाग को दें।

