Ludhiana: पुल के पास 50 वर्षीय व्यक्ति का श/व मिलने से सनसनी, सिर पर चोट के निशान... CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
punjabkesari.in Monday, Aug 10, 2026 - 01:58 PM (IST)
लुधियाना (राज): ढंडारी कलां इलाके में लोहे के पुल के पास एक 50 वर्षीय व्यक्ति का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। राहगीरों ने सड़क किनारे शव पड़ा देखकर तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार, मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। शव सिर के बल जमीन पर पड़ा हुआ मिला और उसके सिर पर किसी भारी या धारदार वस्तु से वार किए जाने के गहरे निशान हैं। घटनास्थल पर मृतक के पास एक बटन वाला मोबाइल फोन पड़ा मिला, जबकि उसकी जेब से एक छोटी डायरी भी बरामद हुई है। हालांकि, पानी में भीग जाने के कारण डायरी में लिखे नंबर और लिखावट स्पष्ट रूप से नहीं पढ़ी जा सकी। जांच में पुलिस को आशंका है कि मृतक के साथ लूटपाट की कोशिश की गई हो सकती है और विरोध करने पर सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने तक किसी अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा सकता।
मामले की कड़ियां जोड़ने के लिए पुलिस घटना स्थल और आसपास की दुकानों व सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि मृतक वहां कब आया था और उसके साथ कौन संदिग्ध मौजूद थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। परिजनों का पता चलने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

