जज साहिब के घर को भी नहीं छोड़ा! सफेद एक्टिवा पर आया चोर, कैमरे में कैद हुई पूरी वारदात

punjabkesari.in Tuesday, Aug 11, 2026 - 09:28 AM (IST)

लुधियाना (राज): शहर में बेखौफ घूम रहे चोरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वे न्यायिक अधिकारियों के घरों को भी निशाना बनाने से नहीं कतरा रहे। लुधियाना में ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट (JMIC) गौरव गुप्ता के निवास स्थान से एक अज्ञात चोर दिन-दिहाड़े एलपीजी गैस सिलेंडर चोरी कर फरार हो गया। पूरी वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

पुलिस को दिए बयानों में शिकायतकर्ता शंकर ने बताया कि वह जेएमआईसी (JMIC) जज साहिब के लुधियाना स्थित निवास पर कुकिंगका काम करता है। बीते 7 अगस्त की शाम करीब 4:00 बजे जब वह घर में बच्चों को पढ़ाने आई ट्यूशन मैडम के लिए चाय बनाने लगा, तो गैस चूल्हा नहीं जला। इसके बाद जब उसने बाहर जाकर देखा, तो सिलेंडर अपनी जगह से गायब था।

गैस सिलेंडर गायब देखकर जब शिकायतकर्ता ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो पूरी वारदात का खुलासा हुआ। फुटेज में साफ दिखा कि दोपहर करीब 3:22 बजे एक अज्ञात व्यक्ति मुख्य द्वार से घर के अंदर दाखिल हुआ। आरोपी ने बड़ी सफाई से बाहर रखा गैस सिलेंडर चुराया और उसे अपनी सफेद रंग की एक्टिवा पर रखकर मौके से फरार हो गया। शिकायतकर्ता के बयानों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर थाना डिवीजन नंबर 5 की पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज कर लिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News