सिविल अस्पताल में मरीज से बदसलूकी के वायरल वीडियो पर बढ़ा विवाद, कैमरे के सामने आई महिला कर्मचारी ने दी सफाई
punjabkesari.in Wednesday, Aug 05, 2026 - 05:47 PM (IST)
लुधियाना (राज): सिविल अस्पताल में बुधवार दोपहर उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब एक महिला कर्मचारी द्वारा मरीज से बदसलूकी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। आरोप लगाया गया कि समराला चौक के रहने वाले बस ड्राइवर पम्मा जिसे कुत्ते ने काटा था, जब रेबीज का टीका लगवाने के बाद पर्ची पर मुहर लगवाने गया, तो महिला कर्मचारी ने उसे डांटकर भगा दिया। मामला तूल पकड़ने और वीडियो वायरल होने के बाद अब आरोपी महिला कर्मचारी ने कैमरे के सामने आकर अपनी सफाई दी है और खुद को बेकसूर बताया है।
महिला कंप्यूटर ऑपरेटर ने घटना की पूरी सच्चाई बताते हुए कहा कि वीडियो को बिना पूरी बात समझे गलत तरीके से वायरल किया गया है। महिला ने बताया कि वह आयुष्मान भारत योजना विभाग में तैनात है। दोपहर के समय कुछ मरीज डॉग बाइट/रेबीज की पर्चियां लेकर उसके काउंटर पर आ गए। उसने मरीजों को विनम्रता से समझाया कि यह उनका विभाग नहीं है और वे अपना काम करवाने के लिए अस्पताल की नई बिल्डिंग में जाएं। महिला के मुताबिक मरीज बात सुनने को तैयार नहीं थे और जबरदस्ती पर्ची जमा करने का दबाव बना रहे थे। वहां कोई लाइन नहीं लगी थी और लोग को धक्का लगा रहे थे। महिला ने कहा कि सुबह से भूखे-प्यासे काम करने के दौरान जब इतनी भीड़ एक साथ हावी होती है, तो कई बार समझाते वक्त आवाज ऊंची हो जाती है। इसी का फायदा उठाकर मरीजों ने गलत इरादे से वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। फिर भी, यदि किसी की भावनाओं को ठेस पहुंची है तो वह माफी मांगती है। उसने अधिकारियों से काउंटर के बाहर सुरक्षा गार्ड तैनात करने की मांग की है।
मामले की जानकारी देते हुए सिविल अस्पताल के एसएमओ डॉ. रोहित रामपाल ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आते ही महिला कंप्यूटर ऑपरेटर से जवाब-तलब किया गया। जांच में सामने आया कि संबंधित काम महिला के विभाग का नहीं था, लेकिन मरीज द्वारा जबरन दबाव बनाया जा रहा था। एसएमओ ने बताया कि महिला कर्मचारी को सख्त चेतावनी दे दी गई है। फिर भी उसने अपनी गलती के लिए मौखिक माफी भी मांग ली है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

