छोटा हाथी का टायर फटने से भीषण हादसा: एक्टिवा सवार महिला गंभीर रूप से घायल, टांग व बाजू की हड्डी टूटी
punjabkesari.in Thursday, Jul 30, 2026 - 09:34 AM (IST)
लुधियाना (राज): सड़क हादसे में एक महिला के गंभीर रूप से घायल होने का समाचार प्राप्त हुआ है। हादसा उस समय हुआ जब सामने से आ रहे एक 'छोटा हाथी' (कमर्शियल वाहन) का अचानक टायर फट गया और वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंभे से जा टकराया। खंभे से टकराने के बाद गाड़ी के टूटकर गिरे हिस्सों की चपेट में आने से एक्टिवा सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
पुलिस को दी शिकायत में परमजीत कौर ने बताया कि बीती 8 जुलाई को वह अपनी एक्टिवा पर सवार होकर अपने गांव टिब्बा नहर रोड की तरफ जा रही थी। जब वह कंप्यूटर कंडे के पास बाईपास नहर के नजदीक पहुंची, तो सामने से आरोपी अपना छोटा हाथी महिंद्रा लेकर आ रहा था। इसी दौरान अचानक उस वाहन का एक टायर ब्लास्ट हो गया, जिससे वाहन बेकाबू होकर सड़क किनारे लगे खंभे में जा घुसा। खंभे में जोरदार टक्कर लगने के कारण गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और उसके टूटे हुए हिस्से तेजी से उछलकर पीड़िता और उसकी एक्टिवा पर आ गिरे।
इस हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पीड़िता की दाहिनी बाजू, दाहिनी कलाई और दाहिनी टांग की जांघ की हड्डी टूट गई। हादसे के तुरंत बाद पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां ओसवाल अस्पताल और सीएमसी अस्पताल लुधियाना में उसका इलाज चल रहा है। थाना डेहलों की पुलिस का कहना है कि पीड़िता के बयानों के आधार पर संबंधित वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

